पंचकूला। पिंजौर क्षेत्र में हुए हिट एंड रन मामले में पुलिस ने सोमवार को अंबाला निवासी बाप-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। नेमचंद और उसका बेटा शंकर रविवार को वारदात के बाद फरार हो गए थे।

इनकी पिकअप गाड़ी की टक्कर से गांव रामपुर सियूडी निवासी सिक्योरिटी गार्ड चरणजीत सिंह घायल हो गए थे। बाप-बेटा इलाज के बहाने चरणजीत को गाड़ी में बैठाकर ले गए और रास्ते में उसकी मौत हो जाने पर शव को तिरपाल में लपेटकर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए थे।

पंचकूला पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनके तीसरे साथी की तलाश है।48 वर्षीय चरणजीत सिंह रविवार दोपहर करीब एक बजे पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पिंजौर की तरफ से आ रही पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। परिजनों को चरणजीत सिंह के सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद वाहन चालक घायल को उपचार के लिए ले जाने की बात कहकर उसे अपनी गाड़ी में लेकर चला गया।

परिवारजनों ने आसपास के विभिन्न अस्पतालों में घायल की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। बाद में थाना चंडीमंदिर से पता चला कि गांव चौकी ग्रिड के पास नीली तिरपाल में लिपटी एक शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान आधार कार्ड के आधार पर चरणजीत सिंह के तौर हुई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की गई।
परिजनों द्वारा दिए गए बयान में आरोप लगाया गया कि पिकअप चालक ने वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही और गफलत से चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया और घायल को अस्पताल न पहुंचाकर उसके शव को छिपाने का प्रयास किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *