कुरुक्षेत्र 9 जून। थाना पिहोवा क्षेत्र वासी एक व्यक्ति द्वारा घर से सोने के गहने चोरी होने संबंधी दी गई शिकायत बाद में गलत पाई गई। शिकायतकर्ता ने स्वयं पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर अपनी शिकायत वापस लेने बारे अपना शपथ-पत्र पेश किया, जिसके बाद पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी देते हुए थाना शहर पेहवा प्रभारी निरीक्षक सुनील वत्स ने बताया कि गोरव वासी नन्द कालोनी पिहोवा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके घर से सोने के गहने चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा तथ्यों की जांच की जा रही थी तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही थी व सीसीटीवी खंगाले जा रहे थे। इसी दौरान शिकायतकर्ता दो दिन बाद दोबारा पुलिस के पास पहुंचे और बताया कि उनके घर में किसी प्रकार की चोरी नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि उनकी माता किसी रिश्तेदारी में गई हुई थीं और वापिस आने पर उन्होंने जानकारी दी कि सोने के गहने घर में ही सुरक्षित रखे हुए हैं। परिवार को गहनों के स्थान की सही जानकारी नहीं होने के कारण चोरी की आशंका जताई गई थी।

निरीक्षक सुनील ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को लिखित रूप में अपनी शिकायत वापस लेने बारे शपथ-पत्र दिया तथा कहा कि वह अब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए दर्ज एफआईआर को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी प्रकार तहसील के पास से तीन दुकानों से इनवर्टर बैटरी चोरी होने बारे जो शिकायत प्राप्त हुई उसमें भी तीनों दुकानों से चोरीशुदा 5 इनवर्टर व 4 बैटरी भी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत देने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि कर लें, ताकि अनावश्यक रूप से पुलिस का समय और संसाधन व्यर्थ न हों। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच करती है और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *