कुरुक्षेत्र,9 जून। गीता स्थली कुरुक्षेत्र से लेकर श्री सोमनाथ धाम तक सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ भजनों पर झूम कर सफर का खूब आनंद लिया। इन श्रद्घालुओं को 1400 किलोमीटर के लंबे सफर का जरा सा भी एहसास नहीं हुआ। इस सफर के दौरान जहां श्रद्धालुओं को एक दूसरे जिलों को जानने का अवसर मिला, वहीं भाईचारे की एक नई मिसाल भी कायम हुई।
हरियाणा प्रदेश से पहली बार कुरुक्षेत्र से श्री सोमनाथ धाम के लिए पहली बार नि:शुल्क यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में 23 जिलों के 1100 श्रद्घालुओं ने सफर किया। इस सफर के दौरान श्रद्धालुओं आईआरसीटीसी के माध्यम से सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन व रात्रि के भोजन के साथ साथ दो टाइम की चाय उपलब्ध करवाई गई। इस एजेंसी के माध्यम से श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय भोजन परोसा गया और सभी श्रद्धालुओं ने अतिथि सत्कार की सराहना की है। मंगलवार को सुबह होते ही अधिकतर श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन हो गए, कुछ महिलाओं ने एकत्रित होकर भगवान शिव के भजनों का गुणगान किया और इन भजनों पर नतमस्तक होकर नृत्य भी किया। इतना ही नहीं कुछ श्रद्घालुओं ने चाय के साथ ताजा खबरों के अखबार भी पढ़े।
डीआईपीआरओ डा. नरेन्द्र सिंह ने कहा कि सफर में श्रद्धालुओं के चेहरे पर भगवान शिव के दर्शन करने की चमक को सहजता से देखा गया। सभी श्रद्धालुओं ने जमकर भगवान शिव के भजनों का गुणगान किया और भक्ति रस में डूब कर नृत्य भी किया। उन्होंने कहा कि श्रद्घालुओं को उच्च स्तरीय भोजन और तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है।
भगवान शिव के भजनों पर झूमी महिलाएं
कुरुक्षेत्र से गुजरात के सफर में महिलाओं ने भगवान शिव के भजनों का गुणगान किया और भक्ति के रस में डूबकर खूब डांस किया। गोहाना से कमलेश, शलौचना, कौशल्या, सोनीपत से कर्णावती, दयावंती, यशोदरा रानी, रामरती, महेन्द्रों, हांसी से शकुन्तला सैनी, गुरुग्राम से सुशीला, रोहतक से अनिता, राजपती, पानीपत से कौशल्या, पलवल से सनौ देवी, होडल से शकुन्तला, गुरुग्राम से सतपाल प्रजापति ने सुबह के समय भगवान शिव की आराधना और भजनों को गाकर नृत्य भी किया। इन भजनों को देखकर ट्रेन के अन्य श्रद्घालुओं ने भी खूब आनंद लिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के रंग में रंगे श्रद्धालु
तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विशेष भाषा व विशेष अंदाज में नृत्य किया और गीता के शब्दों में स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्रद्घालुओं को नि:शुल्क यात्रा करवाकर एक सराहनीय कार्य किया है। इसलिए सभी श्रद्धालुओं पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का रंग नजर आ रहा है। रेवाड़ी निवासी इन्द्राज, शाहबाद से उपासना, पानीपत से मुनी देवी, गुरुग्राम से यशवंती, पलवल से चम्पी, कमलेश, बीरवती, भागवती व सिरसा से जनक रानी ने गीत प्रस्तुत करते हुए विशेष गीत की प्रस्तुति दी और नृत्य कर सफर का खूब आनंद लिया।
चिकित्सकों ने किया श्रद्घालुओं का चैकअप
सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के विशेष अनुरोध पर श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के उद्देश्य से एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इस टीम का नेतृत्व डा. सुरेश शर्मा कर रहे है। इस टीम ने श्रद्धालुओं की सीटों पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जांच की और निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई है।
शिव अराधना और अखबार पढक़र लिया सफर का आनंद
इस विशेष ट्रेन में तीर्थ यात्रियों ने भगवान शिव की अराधना की, वहीं कई श्रद्घालुओं ने अखबार पढक़र सफर का आनंद लिया। इस विशेष ट्रेन में श्रद्घालुओं ने अपने अपने अंदाज में सफर का खूब आनंद लिया।
