चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई एक वर्ष के सेवा विस्तार की अवधि 30 जून को खत्म हो रही है। ऐसे में प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में इस समय राज्य के नये मुख्य सचिव को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।

मुख्य सचिव पद के दावेदार अधिकारियों की खूबियों और कमियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। प्रशासनिक गलियारों में इस बात को लेकर भी खास चर्चा है कि अनुराग रस्तोगी को कुछ समय के लिए मुख्य सचिव के पद पर एक छोटा विस्तार और दिलाया जा सकता है।
अनुराग रस्तोगी को सेवा विस्तार दिलाए जाने के पीछे मुख्य वजह यह मानी जा रही है, ताकि मुख्य सचिव के पद के लिए दावेदारी कर रहे सीनियर आइएएस अधिकारियों की लाबीइंग को झटका दिया जा सके। 1990 बैच के आइएएस अधिकारी सुधीर राजपाल इस समय वरिष्ठतम अधिकारी हैं।

उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है

उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को पूरा हो रहा है। उनके बाद दूसरी वरिष्ठ अधिकारी 1990 बैच की सुमिता मिश्रा हैं, जिनका कार्यकाल 31 जनवरी 2027 को पूरा हो रहा है। तीसरे अधिकारी 1990 बैच के राजा शेख वुंडरू हैं, जिनका कार्यकाल 31 जुलाई 2026 तक ही है। 1991 बैच के आइएएस अधिकारी विनीत गर्ग 30 सितंबर 2027 को रिटायर होंगे।

मुख्य सचिव पद के दावेदार इन चारों अधिकारियों में कुछ की अच्छाइयां और कुछ की खामियां सरकार के पास एक फाइल के रूप में दर्ज हैं। इसलिए विवाद को तूल देने की बजाय सरकार की कोशिश कुछ समय के लिए अनुराग रस्तोगी को ही मुख्य सचिव के पद पर सेवा विस्तार दिलाने की है।

अगर उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिलता तो मुख्यमंत्री कार्यालय में एडजेस्ट किया जा सकता है। मुख्यमंत्री कार्यालय में भी इंट्री नहीं मिलने की स्थिति में उन्हें हरियाणा के सेवा के अधिकार आयोग का मुख्य आयुक्त बनाया जा सकता है।

रिटायर्ड आइएएस अधिकारी टीसी गुप्ता का हाल ही में इस पद पर कार्यकाल पूरा हुआ है। टीसी गुप्ता के कार्यकाल पूरा होने के बाद अनुराग रस्तोगी को सेवा के अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त का कार्यवाहक के रूप में चार्ज सौंपा गया है।

दिसंबर 2021 के बाद आयोग में आयुक्तों की नियुक्तियां नहीं

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार का कहना है कि मुख्य आयुक्त का कार्यकाल पांच वर्ष या 65 वर्ष की आयु, जो भी पहले हो, उस अवधि तक होता है। टीसी गुप्ता ने 27 मई 2026 को 65 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली, जिसके साथ ही उनका कार्यकाल समाप्त हो गया।

आयोग के पहले मुख्य आयुक्त राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एससी चौधरी बने थे, जिन्होंने अप्रैल 2019 तक यह जिम्मेदारी निभाई। उसी वर्ष सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारियों सरबन सिंह, डा. अमर सिंह तथा सुनील कत्याल को आयोग में आयुक्त नियुक्त किया गया था।

बाद में फरवरी 2017 में सेवानिवृत्त आइएएस हरदीप कुमार को भी आयुक्त बनाया गया था, जिनका कार्यकाल दिसंबर 2021 में समाप्त हो गया। तब से आयोग में किसी नये आयुक्त की नियुक्ति नहीं हुई है।

61 वर्ष के होने जा रहे अनुराग रस्तोगी

हरियाणा के सेवा का अधिकार आयोग के मुख्य आयुक्त पद के लिए मुख्य सचिव स्तर का अधिकारी होना अनिवार्य है। इसी कारण वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी इस पद के लिए सबसे उपयुक्त और पात्र अधिकारियों में गिने जा रहे हैं।

मुख्य सचिव के पद पर यदि अनुराग रस्तोगी को सेवा में पुनः विस्तार नहीं मिलता, तो उनके सेवा का अधिकार आयोग में मुख्य आयुक्त बनने की संभावना अत्यंत मजबूत है। रस्तोगी इसी माह 61 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं। ऐसे में यदि उनकी नियुक्ति होती है तो वे कानूनन 65 वर्ष की आयु तक अर्थात लगभग चार वर्षों तक इस पद पर रह सकेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *