कुरुक्षेत्र 4 जून। होटल मालिकों/संचालकों को होटल संचालन से सम्बंधित एसओपी तथा नियमों की जानकारी होना तथा एसओपी का पालना करना जरुरी है। उन्होंने कहा कि होटल में रुकने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आईडी, मोबाईल नम्बर लेना जरुरी है। होटल में रुकने वाले प्रत्येक का होटल के रजिस्टर में नामपता साफ-साफ शब्दों दर्ज होना चाहिए। ये बातें पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने वीरवार को होटल संचालकों के साथ एक बैठक मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर के सभागार में बैठक के दौरान कही। पुलिस अधीक्षक की मीटिंग का उद्देश्य होटलों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मीटिंग में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी होटलों का ऑनलाइन पोर्टल होना चाहिए, होटल में कमरा किराए लेने वालों की आईडी प्रूफ लिया जाए। उन्होंने कहा कि होटलों में अनैतिक कार्य बिल्कुल भी बर्दास्त नहीं किये जायेंगे। नाबालिगों और स्कूली बच्चों को कमरा किराए पर न दिया जाए। संदिग्ध व्यक्ति का पता चलने पर संबंधित थाने को सूचना दी जाए ताकि समय रहते कारवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि होटल के अंदर लगे सभी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए तथा सभी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। होटल के बाहर भी मुख्य स्थानों पर हाई रेज्युलेशन के कैमरे लगवाएं जिसमें फुटेज साफ हो तथा ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिकॉर्डिंग सेव रह सके। इसके साथ-साथ होटल में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के आईडी प्रमाण होना चाहिए तथा उनकी सम्बंधित थाना से पुलिस वेरिफिकेशन करवानी चाहिए ।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मुंह ढककर या अपनी पहचान छुपाते हुए होटल में आता है तो उसका पहचान-पत्र अवश्य जांचें तथा पुलिस को उसकी सूचना दें। यदि कोई विदेशी नागरिक रुकता है तो फार्म-सी में उसका पूरा डाटा भरकर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य है। इस सम्बन्ध में किसी भी लापरवाही ठीक नहीं है, लापरवाही का फायदा संदिग्ध या अपराधिक किस्म के लोग उठा सकते हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही में होटल मलिक और संचालक दोनों जिम्मेदार होंगे।
पुलिस अधीक्षक की इस पहल का स्वागत करते हुए होटल एसोसिएशन के प्रधान बाबू राम टाया ने इस मुहिम में पुलिस को अपना पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम की मुहीम में वे पुलिस के साथ हैं और प्रशासन द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। मीटिंग में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार, सुरक्षा शाखा प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र, थाना कृष्णा गेट प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह, होटल सुभाष एसोसिएशन के प्रधान बबू राम टाया सहित जिलाभर के होटल मालिक/संचालक मौजूद मौजूद रहे।
