कुरुक्षेत्र 4 जून। जिला कुरुक्षेत्र को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस मुस्तैदी से जुटी हुई है। इसी कड़ी में वीरवार को पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने जिला के मैडिकल स्टोर संचालकों और एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ एक बैठक मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर के सभागार में की। बैठक का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित नशीली दवाओं और इंजेक्शनों की अवैध बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाना रहा।

         बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे को रोकना केवल पुलिस का कार्य नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करें तो युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की तथा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अंजान व्यक्ति को नशीली दवाइयां न दी जाएं। यदि कोई व्यक्ति मुंह ढककर या अपनी पहचान छुपाते हुए नशीली दवाई मांगता है तो उसका पहचान-पत्र अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि स्टोर पर बिकने वाली एच-1 श्रेणी की दवाइयों का पूरा रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज करना सुनिश्चित करें ताकि जरूरत पड़ने पर उसकी जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और नशे की रोकथाम में उनकी भूमिका बेहद अहम है। यदि किसी व्यक्ति में नशे की लत के लक्षण दिखाई दें तो उसकी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें ताकि ऐसे लोगों का उपचार और नशा छुड़वाने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें।

सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य, संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें

          मीटिंग में सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए सभी केमिस्ट संचालकों को अपनी दुकानों के अंदर और बाहर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। पुलिस सभी नागरिकों और मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील करती है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस के नम्बर 70567-00233 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

केमिस्ट एसोसिएशन ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन। 

             पुलिस अधीक्षक की इस पहल का स्वागत करते हुए केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान अशोक सिंगला ने पुलिस को इस मुहिम में अपना पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज को नशे से बचाने के लिए वे पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और प्रशासन द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। बैठक में जिला ड्रग इंस्पेक्टर तरुण भारद्वाज ने कहा कि उनकी टीम के द्बारा केमिस्ट शॉप्स की रेगुलर बेसिस पर चेकिंग की जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जा सके।

        इस मीटिंग में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार, जिला ड्रग इंस्पेक्टर तरुण भारद्वाज, केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान अशोक सिंगला सहित जिलाभर के मैडिकल स्टोर संचालक मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *