कुरुक्षेत्र 31 मई – भाजपा के वरिष्ठï नेता हरपाल सिंह चीका ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खरीफ 2025 के फसल खराबे पर दो बार में किसानों के खाते में 486.67 करोड़ रुपए का मुआवजा जारी किया जा चुका है। इनमें 8 मई 2026 को 370.52 करोड़ और 10 दिसंबर 2025 में 116.16 करोड़ रुपए किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस मुआवजा राशि में से गुहला तहसील के अंतर्गत आने वाले किसानों को 3 करोड़ 87 लाख 56 हजार 590 रुपए मिले हैं। इसी तरह पिहोवा तहसील के अंतर्गत आने वाले किसानों के खाते में 5 करोड़ 41 लाख 2 हजार 638 रुपए प्राप्त हुए हैं। उन्होंने प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों के खातों में फसल मुआवजा राशि जारी करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रशासन द्वारा गिरदावरी के बाद मुआवजा राशि सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में भेजी गई है। समय पर मिली यह आर्थिक सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है और उन्हें अगली फसल की तैयारी में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में मुआवजा वितरण प्रक्रिया अब अधिक पारदर्शी और त्वरित हो गई है। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को बिना किसी परेशानी के उनके खातों में राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार लगातार किसानों के हित में फैसले ले रही है और उन्हें धरातल पर लागू करते हुए किसानों को लाभ भी पहुंचा रही है। देश में सबसे पहले किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद भी प्रदेश से शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति के कारण ही किसानों के खाते में सीधे फसल बिक्री के पैसे पहुंच रहे हैं। बिना किसी दिक्कत परेशानी के फसल को मंडियों में खरीदा जा रहा है। इसके अलावा किसानों को अब खाद-बीज सहित अन्य सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।
