कुरुक्षेत्र, 4 जून। फिट इंडिया आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशालय द्वारा 7 जून को ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष साइकिल रैली में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं शोधार्थी एक साथ साइकिल चलाकर फिटनेस, एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
खेल निदेशक प्रो. डीएस राणा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार प्रातः 6 बजे विश्वविद्यालय के क्रश हॉल (ऑडिटोरियम) के सामने से होगा, जबकि प्रतिभागियों को सुबह 5.45 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचना होगा। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
प्रो. डीएस राणा ने बताया कि यह आयोजन फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नियमित व्यायाम और साइक्लिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों से अपनी साइकिल साथ लाने तथा फिट इंडिया पोर्टल पर पंजीकरण करने का आग्रह किया गया है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि सभी विभागों, शाखाओं, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। यह आयोजन “एक स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और सशक्त राष्ट्र की दिशा में यह एक सार्थक कदम है।”
