चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का काम अब सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड पर कराया जाएगा। इससे अस्पतालों में महिला रोगियों, नर्सों, डाक्टरों और अन्य स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के मामलों में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कुरुक्षेत्र के लोक नायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के मामले में आरोपित कंसलटेंट के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
आरती सिंह राव ने बताया कि चरखी दादरी जिले में निर्माणाधीन गवर्नमेंट मेडिकल कालेज का नाम देश के महान स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने के लिए 104 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए हैं।

राज्य में 766 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इनमें 597 उप स्वास्थ्य केंद्र, 51 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और 111 ब्लाक पब्लिक हेल्थ सेंटर शामिल हैं।

हृदय रोगियों के लिए 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवाएं शुरू की जा रही हैं। सस्ती एवं उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध कराने के लिए 23 जिला अस्पतालों में ””अमृत फार्मेसी”” स्थापित की गई हैं। इन फार्मेसियों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं औचक निरीक्षण कर रही हैं। सरकारी अस्पतालों में सोलर प्लांट लगाने की भी योजना है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *