कुरुक्षेत्र, 3 जून। वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी राहुल ने कहा कि भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सूचनाएं एकत्र करने का कार्य कर रहा है। जून 2026 माह के दौरान विभिन्न जिलों में एनएसओ (एफओडी) द्वारा सर्वेक्षण कराए जा रहे हैं, जिनमें से कुरुक्षेत्र जिले के सर्वेक्षणों का विवरण संलग्नक में संलग्न है। उन्होंने कहा कि इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजना निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है। इस अवधि के दौरान कार्यालय ने देशव्यापी नमूना सर्वेक्षणों के माध्यम से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक मानकों पर एक सुदृढ़ डाटाबेस विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसने केंद्र एवं राज्य सरकारों को विकास संबंधी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायता प्रदान की है।
वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी राहुल ने कहा कि एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा जानकारी एकत्र की जाती है। इसके लिए वे ई-सिग्मा सॉफ्टवेयर से युक्त हैंडहेल्ड डिजिटल उपकरणों (टैबलेट) तथा उद्यम सर्वेक्षणों के लिए निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टलों का उपयोग करते हैं। अधिकारी वैज्ञानिक रूप से तैयार की गई नमूना चयन (सैंपलिंग) पद्धतियों के आधार पर चयनित परिवारों, उद्यमों, गांवों और शहरी ब्लॉकों का दौरा करते हैं। घरेलू सर्वेक्षणों में जानकारी परिवार के मुखिया या परिवार के किसी जानकार सदस्य से प्राप्त की जाती है, जबकि उद्यम सर्वेक्षणों में आवश्यक जानकारी अधिकृत व्यक्ति या उद्यम के मालिक द्वारा प्रदान की जाती है।
वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी राहुल ने कहा कि इन सर्वेक्षणों में एकत्र की गई सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान किसी भी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती है। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
उन्होंने कहा कि थोक मूल्य सूचकांक, क्रेता मूल्य सूचकांक, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक तथा निगमित सेवा क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए चयनित इकाइयों को नोटिस भेजे गए हैं तथा समय-समय पर आंकड़ा संकलन के लिए एनएसओ (एफओडी) के अधिकारियों द्वारा उनसे संपर्क किया जाता है। इसी प्रकार, कार्यशील सहकारी समितियों के त्वरित सर्वेक्षण अप्रैल-सितंबर 2026 के अंतर्गत चयनित सहकारी समितियों से आंकड़े एकत्र करने के लिए एनएसओ (एफओडी) के अधिकारियों द्वारा संपर्क किया जाता है।
वरिष्ठ सांख्यिकीय अधिकारी राहुल ने सरकार के सभी नागरिकों/उद्यमों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को पूरा सहयोग प्रदान करें तथा सही और पूर्ण जानकारी देने के लिए अपना बहुमूल्य समय दें। सभी नागरिकों की सहभागिता राष्ट्र के हित में बेहतर योजना निर्माण और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
