कुरुक्षेत्र, 3 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गीता स्थली एवं विश्व विख्यात पर्यटन स्थल कुरुक्षेत्र के नागरिकों को सरकार ने रेलवे एलीवेटेड ट्रैक और अब बाईपास जैसे बड़े प्रोजेक्ट की सौगात दी है। इस रेलवे एलीवेटेड ट्रेक का निर्माण कार्य आगामी कुछ  दिनों में पूरा हो जाएगा। इस निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस रेलवे एलीवेटेड ट्रेक पर छोटे रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए तमाम उच्च स्तरीय सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास सरकार द्वारा किया गया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बुधवार को छोटे रेलवे स्टेशन थानेसर पर निर्माणाधीन रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने थानेसर रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन ट्रेक, छोटे रेलवे स्टेशन पर बनाए गए प्रतीक्षा कक्ष, शौचालय, बिजली की व्यवस्था, यात्रियों के आने-जाने के मार्गों, स्टेशन पर ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटकों के हिसाब से अन्य तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने रेलवे विभाग व स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों को विशेष तौर पर गाड़ी के आने और जाने के समय भीड़ होने की संभावना को देखते हुए मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित इंतजामों को चैक करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि निर्माणाधीन ट्रैक का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और रेलवे विभाग की तरफ से एक संयुक्त टीम ने तमाम व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस प्रोजेक्ट को आगामी कुछ दिनों में शुरू करने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से ही कुरुक्षेत्र के नागरिकों को रेलवे एलीवेटेड ट्रेक और अब बाईपास जैसे बड़े प्रोजेक्ट की सौगात मिली है। ये दोनों प्रोजेक्ट कुरुक्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगे। इस ट्रेक के प्रोजेक्ट के पूरा होने पर कुरुक्षेत्र के नागरिकों को पांच रेलवे फाटकों से निजात मिलेगी, वहीं श्रद्धालुओं और पर्यटकों को थानेसर रेलवे स्टेशन पर उच्च स्तरीय सुविधाएं भी मिल पाएंगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि रेलवे ट्रैक का कार्य अंतिम चरण में है। इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन के लिए जल्द ही समय तय किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार द्वारा रेलवे स्टेशन से भद्रकाली मंदिर तक सीधा कॉरिडोर बनाने की परियोजना पर भी काम किया जा रहा है। इस कॉरिडोर के माध्यम से रेलवे स्टेशन को सीधा भद्रकाली मंदिर के साथ जोड़ा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से अब कुरुक्षेत्र बाईपास के प्रोजेक्ट पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। इस बाईपास के बनने से शहर में हैवी ट्रैफिक के आवागमन से निजात मिलेगी और ट्रैफिक जाम, दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, केडीबी सीईओ पंकज सेतिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *