पंचकूला। पंचकूला में वाहन चालकों से दुर्व्यवहार और रिश्वत मांगने पर सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने आदेश जारी किए हैं। साथ ही, हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिला पंचकूला से होकर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन चालक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आवागमन करते हैं। ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न स्तरों पर शिकायतें मिली थीं।
इन शिकायतों के आधार पर समीक्षा करने के बाद फैसला लिया गया है कि वर्तमान में ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात सभी एसपीओ और होमगार्ड जवानों का ट्रैफिक विंग से तबादला कर उन्हें अन्य स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस को सख्त निर्देश
पुलिस कमिश्नर ने यातायात पुलिस को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा से सीधे जुड़े गंभीर यातायात उल्लंघनों पर ही प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। अब मुख्य रूप से ड्रिंक एंड ड्राइव, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग और वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाने जैसे मामलों में चालान किए जाएंगे।
गुप्त रखी जाएगी शिकायतकर्ता की पहचान
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि वाहन चालकों के साथ अनुचित व्यवहार, अभद्रता, अनुचित लाभ लेने का प्रयास अथवा रिश्वत की मांगने की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9115777026 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ऐसी शिकायतों पर तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शिकायतकर्ता की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी ताकि कोई भी नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सके।
