कुरुक्षेत्र, 2 जून। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि शहर में नगर परिषद के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में 1.80 लाख से कम आय वाले परिवारों से बुजुर्गों को सोमनाथ यात्रा पर भेजने के फार्म भरवा रहे हैं। इस विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 जून को कुरुक्षेत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इससे पहले सरकार ने श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या और श्री तख्त सचखंड हजूर साहिब के दर्शन करवाए हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र वृद्धजन लाभार्थियों को गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ मंदिर के निशुल्क दर्शन करवाने के उद्देश्य से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा में शामिल होने के इच्छुक पात्र लाभार्थी 06 जून तक सरल पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट सरल हरियाणा डॉट जीओवी डॉट इन पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इस यात्रा के लिए सीमित सीटें उपलब्ध हैं, इसलिए पात्र नागरिक समय रहते आवेदन करना सुनिश्चित करें।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। साथ ही लाभार्थी हरियाणा का मूल निवासी हो तथा उसकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम होनी चाहिए। यात्रा के दौरान सभी लाभार्थियों को अपना मेडिकल सर्टिफिकेट साथ लाना अनिवार्य होगा। लाभार्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत जो वृद्ध जन पिछले 3 वर्ष के अंदर इस योजना का लाभ ले चुके हैं। वह इस योजना के तहत सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर जाने के पात्र नहीं होंगे अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक नागरिक लघु सचिवालय के चतुर्थ तल स्थित जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय (डीआईपीआरओ) में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *