कुरुक्षेत्र, 01 जून। श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र में सीबीएसई क्षमता निर्माण कार्यक्रम (सीबीपी) के तहत एसेसमेंट एंड पेडागोजी इन सी.टी. एंड एआई विषय पर तीन घंटे का इन हाउस प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संसाधन व्यक्ति के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने शिक्षकों को कम्प्यूटेशनल थिंकिंग (सीटी) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित शिक्षण और मूल्यांकन की नवीनतम अवधारणाओं से परिचित कराया।
प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों के भीतर तार्किक चिंतन, समस्या समाधान क्षमता और नवाचार की सोच विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार सीटी एवं एआई को कक्षा शिक्षण में प्रभावी रूप से शामिल किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों को मूल्यांकन की आधुनिक तकनीकों और विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।
विद्यालय की प्राचार्या पूजा शर्मा ने  कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों का सतत प्रशिक्षण समय की मांग है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को बदलते शैक्षिक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को अद्यतन रखने का अवसर प्रदान करते हैं तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विषय से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। प्रशिक्षण के दौरान आकलन, चिंतन, नवाचार, पुनर्कल्पना तथा प्रगति जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी सराहना की।
अंत में प्राचार्या पूजा शर्मा ने प्रो. राकेश कुमार का आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागियों से प्राप्त ज्ञान को शिक्षण कार्य में प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाएं  मौजूद रही।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *