यमुनानगर। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अवैध कॉलोनियों और रसोई गैस एजेंसियों से जुड़े मामलों में अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया।
मंत्री ने रविवार के दिन अवैध कॉलोनी का प्लाट वैध करने वाले भवन निरीक्षक पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। साथ ही 14 रसोई गैस एजेंसियों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा नेता राजेश सपरा और मेयर सुमन मौजूद रहे।
तबादले के बाद भी जारी रखा काम
अवैध कॉलोनी से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान मंत्री को बताया गया कि संबंधित भवन निरीक्षक का तबादला हो चुका है। इस पर एडीसी ने कहा कि इंस्पेक्टर अब यहां तैनात नहीं है। जवाब में मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमारा कानून तो बहुत दूर तक काम करता है।
इसके बाद मंत्री ने संबंधित अधिकारी पर मुकदमा दर्ज कर गिफ्तार करने के आदेश दिए। मंत्री ने कहा कि तबादले के बाद भी यदि किसी अधिकारी ने नियमों के विरुद्ध काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।
अवैध रजिस्ट्रियों पर भी मांगा हिसाब
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि अवैध कॉलोनी की जिन-जिन तहसीलदार नायब तहसीलदार एसडीएम ने रजिस्ट्रियां की हैं, उन सभी की भूमिका की जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने डीटीपी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।
मंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों ने हरियाणा को नरक बना दिया है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर खेती योग्य जमीन में प्लाट कैसे काट दिए गए और विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। मैं सब जानता हूं मेरी तीसरी आंख भी है।
गैस एजेंसियों की भूमिका पर उठाए सवाल
रसोई गैस एजेंसियों से जुड़े मामले में मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पूरे मामले को केवल पांच सिलेंडरों तक सीमित दिखाने की कोशिश की गई। जबकि अप में 14 सिलेंडर चढ़ा दिए गए। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है और इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। एजेंसी के सभी उपभोक्ताओं की जांच हो निश्चित इसमें गड़बड़ मिलेगी और उसके बाद एजेंसी पर सील लगा दी जाए यह बहुत बड़ी बेईमानी है।
शिकायतकर्ताओं को लेकर भी दिखाई सख्ती
बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जो भी शिकायतकर्ता उनके दरबार में आता है, उसे न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को बाहर बैठाकर टालने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने माइक संभालते हुए सभी शिकायतकर्ताओं को अंदर भेजने के निर्देश दिए।
बैठकों का समय भी किया तय
मंत्री अनिल विज ने बैठक के दौरान कहा कि अब जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक हर महीने के आखिरी शुक्रवार को दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग शिकायतों की पूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचे।
हमारा कानून तो बहुत दूर तक काम करता है
जब एडीसी नवीन आहूजा ने मंत्री को बताया कि संबंधित भवन निरीक्षक का तबादला हो चुका है तो मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि हमारा कानून तो बहुत दूर तक काम करता है। मंत्री के इस बयान के बाद बैठक में मौजूद अधिकारियों में हलचल दिखाई दी।
हरियाणा को नरक बना दिया
अवैध कॉलोनियों के मामले में नाराजगी जताते हुए मंत्री अनिल विज ने कहा कि ऐसे लोगों ने हरियाणा को नरक बना दिया है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि खेती योग्य जमीन में प्लॉट कैसे काट दिए गए और विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं लगी।
