कुरुक्षेत्र, 30 मई।    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का बहुत बहुत आभार और धन्यवाद है, जिन्होंने कुरुक्षेत्र के नागरिकों को बाईपास देकर एक जीवन रेखा की सौगात देने का काम किया है। कुरुक्षेत्र के लिए यह बाईपास नहीं बल्कि सडक़ मार्ग पर बहुत बड़ी राहत है, जिसका लंबे समय से कुरुक्षेत्र के नागरिकों को इंतजार था। लंबे समय के इंतजार के बाद बाईपास बनाने की घोषणा से कुरुक्षेत्र के नागरिकों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र को 27.9 किलोमीटर लंबी बाईपास परियोजना की सौगात मिली है। यह बाईपास कुरुक्षेत्र के दक्षिणी भाग से होकर निकाला जाएगा जो कुरुक्षेत्र पिहोवा मार्ग पर ज्योतिसर के पास इंदबरी से शुरू होकर स्टेट हाईवे नंबर 6, एमडीआर-119, किरमच रोड, अमीन रोड व नेशनल हाईवे -44 को जोड़ता हुआ गांव मथाना (स्टेट हाईवे-6) पर समाप्त होगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस परियोजना से ना केवल पिपली चौक पर ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि कुरुक्षेत्र शहर को जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली-यमुनानगर-हरिद्वार समेत पंजाब व कैथल की ओर यातायात और भी आसान व सुरक्षित हो जाएगा। ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर एवं अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंच आसान होने से कुरुक्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, निवेश व रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह बाईपास केवल एक परियोजना नहीं बल्कि हमारी ट्रिपल इंजन वाली सरकार की विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *