कुरुक्षेत्र, 30 मई। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र शहर में बाईपास नागरिकों का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट को केंद्र की तरफ से मंजूरी मिल चुकी है। दक्षिणी फेज में 27.9 किलोमीटर दूरी के बाईपास को तैयार करने में लगभग 2071 करोड़ रुपए की लागत आएगी। बाइपास के तैयार होने से वाहनों का सफर तो आसान होगा ही, इसके साथ ही शहर के लोगों को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कुरुक्षेत्र बाईपास की घोषणा होने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ज्योतिसर के पास से शुरू होकर गांव किरमच, अमीन से होते हुए गांव मथाना तक 27.9 किलोमीटर में बाईपास तैयार होगा। इस बाईपास को दो नहरों और रेलवे लाइन के ऊपर से क्रॉस करवाया जाएगा। करीब 100 हेक्टेयर भूमि को एक्वायर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया(एनएचएआई) की तरफ से कुरुक्षेत्र बाईपास प्रोजेक्ट को लेकर 3 विकल्प तैयार किए गए है। प्रस्तावित हाईवे बाईपास प्रोजेक्ट के लिए तीन अलाइनमेंट को हर बिंदु के आधार पर जांचा गया है। इनमें हर ऑप्शन को टेक्निकल, एनवायर्नमेंटल, सोशल और इकोनॉमिक पैरामीटर के साथ तैयार किया गया है। खूबियों और कमियों के तुलनात्मक एनालिसिस के आधार पर इन तीन विकल्पों में से दक्षिण दिशा में 27.9 किलोमीटर बाईपास का चयन किया गया है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि इस बाइपास के तैयार होने से कुरुक्षेत्र शहर के लिए ट्रैफिक में राहत मिलेगी। बाईपास से शहर के अंदर भीड़ काफी कम हो जाएगी, क्योंकि दिल्ली की तरफ गाडिय़ों की आवाजाही अंबाला की तुलना में काफी ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से शहरी विस्तार के लिए मदद मिलेगी। कुरुक्षेत्र शहर के इलाके से बाहर रहकर, यह बाईपास बिना किसी रुकावट के शहर के भविष्य के विकास और विस्तार के मौके बनाए रखता है। इसके साथ ही जिले के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद रहेगा।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के लोगों को बाईपास के रूप में एक सौगात दी है। इससे लोगों का ड्रीम प्रोजेक्ट अब पूरा होगा। इसके साथ ही ट्रैफिक जाम और सडक़ दुर्घटनाओं की बड़ी समस्या से निजात दिलाएंगे। जो पिहोवा – कुरुक्षेत्र – यमुनानगर हाईवे (एसएच-6) के कुरुक्षेत्र बाईपास हिस्से का कंस्ट्रक्शन प्लान तैयार हो चुका है। यह एसएच-6 पर ज्योतिसर के पास के जंक्शन से शुरू होकर, एमडीआर-119 और एनएच- 44 के साथ कुरुक्षेत्र जिले को जोड़ेगा और हरियाणा राज्य में एनएच के तहत मथाना गांव (एसएच-6) के पास खत्म होगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *