चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिस तरह एक साथ 10 औद्योगिक पालिसियों को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी प्रदान की थी, ठीक उसी तर्ज पर अब शुक्रवार को पंचकूला में एक साथ नौ महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ”स्वस्थ हरियाणा-समृद्ध हरियाणा अभियान” के अंतर्गत इन स्वास्थ्य परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास 29 मई को दोपहर दो बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पंचकूला में आयोजित समारोह में किया जाएगा।

इस अभियान को प्रदेश की स्वास्थ्य अवसंरचना को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 22.29 करोड़ रुपये की लागत से 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन तथा 21.50 करोड़ रुपये की लागत से 16 नए स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया जाएगा।

इसके साथ ही मरीजों के तीमारदारों की सुविधा के लिए जिला नागरिक अस्पताल सोनीपत में 6.45 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अत्याधुनिक विश्राम गृह का शिलान्यास होगा। महिलाओं के विशेष और समर्पित उपचार के लिए राज्य के 23 जिला अस्पतालों में प्रतिवर्ष 0.34 करोड़ रुपये की लागत से ”स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” क्लीनिक की शुरुआत की जाएगी। आम जनता को महंगी और गंभीर चिकित्सा जांच मुफ्त या बेहद किफायती दरों पर मिल सकें, इसके लिए पीपीपी माडल के तहत महत्वपूर्ण विस्तार किया गया है।

MRI सेवाएं शुरू की जाएंगी

इसके अंतर्गत पानीपत और कुरुक्षेत्र के जिला अस्पतालों में 12 करोड़ रुपये की लागत से एमआरआइ सेवाएं तथा बहादुरगढ़ के सब-डिवीजनल अस्पताल तथा दादरी के जिला अस्पताल में 10 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन सेवाओं की शुरुआत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *