कुरुक्षेत्र, 29 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनसंचार एवं मीडिया संस्थान में “केयूके पॉडकास्ट” का भव्य शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मीडिया संस्थान के “मीडिया चौपाल” एवं “केयूके न्यूज” मंच की भी शुरुआत की।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने संस्थान में आयोजित मीडिया प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान वार्षिक गतिविधि स्मारिका एवं पॉडकास्ट न्यूज लेटर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में मीडिया क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट अतिथि अमित पांडेय को रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड-2026 देकर सम्मानित किया गया तथा मीडिया विद्यार्थियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल मीडिया और नई संचार तकनीकों का युग है। ऐसे में विश्वविद्यालय द्वारा पॉडकास्ट जैसे आधुनिक मंच की शुरुआत विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा मीडिया उद्योग की नवीनतम तकनीकों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को अपनी प्रतिभा और विचारों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।
मीडिया संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि केयूके पॉडकास्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, शोध एवं सामाजिक गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज ऑडियो-विजुअल कंटेंट और डिजिटल पत्रकारिता की मांग तेजी से बढ़ रही है तथा पॉडकास्टिंग विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।
वरिष्ठ पत्रकार अमित पांडेय ने कहा कि “केयूके पॉडकास्ट” विद्यार्थियों को मीडिया के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ने का सशक्त मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से छात्र अपनी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल एवं डिजिटल मीडिया तकनीकों को नए आयाम दे सकेंगे। उन्होंने रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड-2026 प्रदान करने के लिए आभार प्रकट किया। पाडकास्ट पर कुलगुरु से एमए अंतिम वर्ष के छात्र अर्जुन ने विश्वविद्यालय की रैंकिंग, नवाचार, शिक्षकों, शोधार्थियों और उनके निजी जीवन से संबंधित बातचीत की। कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने अपनी खास पुस्तक श्रीमद्भगवद्गीता, संगीत और विश्वविद्यालय की विशेष उपलब्धियों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने पॉडकास्ट रिकॉर्डिंग में सहभागिता की, रेडियो स्टूडियो का निरीक्षण किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही मूक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर संस्थान की प्रोफेसर बिंदु शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मधुदीप सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आबिद अली, डॉ. अभिनव, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप, अमित जांगड़ा, सचिन वर्मा, राकेश कुमार, रितु, सुनिता, अर्पणा, राहुल अरोड़ा, गौरव कुमार, मोनिका, कंचन शर्मा, ललित सरदाना एवं संस्थान के विद्याथी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पत्रकार अमित पांडे को कुलगुरु ने प्रदान किया रोहित सरदाना मेमोरियल अवार्ड-2026
कुरुक्षेत्र, 29 मई। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर 29 मई 2026 को “केयूके पॉडकास्ट” लॉन्च कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पत्रकार अमित पांडे को रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड-2026 प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि 30 अप्रैल को आयोजित रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड-2026 समारोह में अमित पांडे किसी आवश्यक कारणवश उपस्थित नहीं हो सके थे। उस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सौम्या पांडे ने प्रतीकात्मक रूप से अवार्ड ग्रहण किया था।
कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने न्यूज़-18 के वरिष्ठ पत्रकार अमित पांडे को अवार्ड, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए कहा कि रोहित सरदाना ने पत्रकारिता में राष्ट्र प्रथम की भावना को स्थापित किया और अमित पांडे भी राष्ट्रीय पत्रकारिता में उसी निर्भीकता एवं निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देना नहीं बल्कि समाज को सही दिशा देने का माध्यम भी है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि रोहित सरदाना स्मृति व्याख्यान एवं मेमोरियल अवार्ड का उद्देश्य युवा पत्रकारों को प्रेरित करना तथा पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को सशक्त बनाना है। उन्होंने अमित पांडे को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी समाज एवं राष्ट्रहित की पत्रकारिता को मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि रोहित सरदाना की निर्भीक पत्रकारिता आज भी पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अमित पांडे को यह सम्मान प्रदान किया जाना पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान का सम्मान है।
वरिष्ठ पत्रकार अमित पांडे ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, विद्या भारती एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोहित सरदाना के नाम से जुड़ा यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता करने की प्रेरणा देगा।
इस अवसर पर संस्थान की प्रोफेसर बिंदु शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मधुदीप सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आबिद अली, ललित सरदाना, डॉ. अभिनव, डॉ. तपेश किरण, डॉ. प्रदीप, अमित जांगड़ा, सचिन वर्मा, राकेश कुमार, रितु, सुनिता, अर्पणा, राहुल अरोड़ा, गौरव कुमार, मोनिका, कंचन शर्मा, एवं संस्थान के विद्याथी उपस्थित रहे।

मीडिया संस्थान में स्थापित होगा कम्यूनिटी रेडियो स्टूडियों, कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने की घोषणा
कुरुक्षेत्र, 29 मई। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनसंचार एवं मीडिया संस्थान में “केयूके पॉडकास्ट” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने मीडिया संस्थान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कम्युनिटी रेडियो स्टूडियो स्थापित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल मीडिया और नई संचार तकनीकों का युग है तथा विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कम्युनिटी रेडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को रेडियो पत्रकारिता, एंकरिंग, प्रोडक्शन तथा जनसंचार के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा एवं संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया कार्यक्रम के दौरान लाइव भी रहे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं श्रोताओं से संवाद करते हुए मीडिया के बदलते स्वरूप, हिंदी पत्रकारिता की भूमिका तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं मीडिया जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
बाक्स
मीडिया शोधार्थियों से विशेष रूप से रूबरू हुए कुलगुरु

इस अवसर पर संस्थान के मीडिया शोधार्थियों से रूबरू होते हुए कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि अपने कार्य के प्रति समर्पण, सच्ची निष्ठा से अपने शोध कार्य अपने शिक्षकों के साथ समय पर पूर्ण करें ताकि राष्ट्र निर्माण में आपके द्वारा जा रहे शोध उपयोगी हो सकें।

कुवि कुलगुरु को विद्यार्थियों ने दिखाए हरियाणवी कार्टून, रचनात्मकता की हुई सराहना
कुरुक्षेत्र, 29 मई।
 हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा को अपनी रचनात्मक प्रतिभा का अनूठा प्रदर्शन करते हुए हरियाणवी भाषा में तैयार किए गए डिजीटल कार्टून प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा लोकप्रिय कार्टून पात्रों एवं कार्यक्रमों जैसे चाइनीज एनीमेशन, रशियन कार्टून तथा “छोटा भीम” आदि की हरियाणवी शैली में डबिंग कर उन्हें स्थानीय संस्कृति और बोली से जोड़ा गया।

विद्यार्थियों ने अपनी आवाज़, संवाद शैली और हरियाणवी हास्य के माध्यम से इन कार्टूनों को इस प्रकार प्रस्तुत किया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोग आनंदित हो उठे। कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विद्यार्थियों के इस नवाचार को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति को आधुनिक मीडिया माध्यमों से जोड़ना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयोग न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देते हैं बल्कि हरियाणवी भाषा और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुलगुरु ने इस नवाचार के लिए संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया व शिक्षकों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे डिजिटल मीडिया, पॉडकास्ट, डबिंग एवं रचनात्मक कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में इसी प्रकार नए प्रयोग करते रहें ताकि विश्वविद्यालय की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

मीडिया चौपाल मंच पर विद्यार्थी करेंगे सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा
कुरुक्षेत्र, 29 मई।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित “केयूके पॉडकास्ट” लॉन्च कार्यक्रम में “मीडिया चौपाल” मंच विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मंच के माध्यम से मीडिया संस्थान के विद्यार्थी समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे तथा हरियाणवी संस्कृति, लोकभाषा और सामाजिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि मीडिया चौपाल हरियाणवी संस्कृति को समर्पित एक ऐसा मंच है, जो प्रदेश के युवाओं को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य कर रहा है। रत्नावली सांस्कृतिक समारोह, अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंति महोत्सव तथा स्वदेशी जागरण मंच पंचकूला जैसे आयोजनों में मीडिया चौपाल की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही है। यह मंच अपनी बोली, अपनी संस्कृति और अपने मान-सम्मान का प्रतीक बनकर युवाओं में सांस्कृतिक चेतना जागृत कर रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थी सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा युवा सरोकारों से जुड़े विषयों पर संवाद प्रस्तुत करेंगे। इस प्रकार का मंच विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति क्षमता, संवाद कौशल तथा सामाजिक जागरूकता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मीडिया चौपाल पर कुलगुरु से बीएमसी के छात्र हर्ष मान ने हरियाणवी में सामाजिक, शैक्षणिक, नवाचार आदि विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

केयू न्यूज मंच पर विद्यार्थी प्रस्तुत करेंगे साप्ताहिक समाचार बुलेटिन

कुरुक्षेत्र, 29 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित “केयूके पॉडकास्ट” लॉन्च कार्यक्रम में “केयू न्यूज” मंच के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा साप्ताहिक समाचार बुलेटिन प्रस्तुत किया जाएगा। इस मंच का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाचार लेखन, समाचार वाचन एवं डिजिटल पत्रकारिता के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। वे महान संस्कृति के संवाहक हैं और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि “केयू न्यूज” मंच विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग की आधुनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
मीडिया संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने कहा कि इस मंच के जरिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय, शिक्षा, समाज, संस्कृति और युवा गतिविधियों से जुड़े समाचारों का साप्ताहिक प्रस्तुतीकरण करेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल है। केयू न्यूज मंच पर कुलगुरु से बीएमसी की छात्रा आस्था ने शैक्षणिक, एनईपी-2020, नवाचार और विश्वविद्यालय के आगामी कार्यक्रमों  पर चर्चा की।

केयू मीडिया संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों एवं पत्रकारों को किया गया सम्मानित
मूक कांफ्रेंस में सामाजिक सद्भावना एवं नवाचार पर चर्चा
कुरुक्षेत्र, 29 मई।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित “केयूके पॉडकास्ट” लॉन्च कार्यक्रम के दौरान मीडिया संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों, जो वर्तमान में मीडिया क्षेत्रों में पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं, को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि संस्थान के पूर्व विद्यार्थी आज पत्रकारिता के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने का सशक्त मंच है। ऐसे में युवा पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इस अवसर पर विभिन्न समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट पत्रकारिता सेवाओं एवं समाज के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से प्रेरणा प्राप्त की तथा मीडिया क्षेत्र में नई संभावनाओं पर चर्चा की।

जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया  ने कहा कि संस्थान अपने विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. आबिद अली ने कहा कि मूक कांफ्रेंस में सामाजिक सद्भावना व सहभागिता, नवाचार इत्यादि क्षेत्रों में आगे बढ़ने का प्रयास है। इसके तहत् ही भविष्य में विश्वविद्यालय के पास आउट यूट्यूबरों के साथ जल्द ही संवाद किया जाएगा।
बाक्स
सम्मान प्राप्त करने वाले पूर्व छात्र(वर्तमान में पत्रकार)

सम्मानित होने वाले संस्थान के पूर्व छात्रों (वर्तमान में पत्रकार) में पर्जन्य गौड़ – लिविंग इंडिया, नीतू चौहान – ख़बरनामा हरियाणा, अजय कुमार – बैग न्यूज़ कैथल, दिनेश कुमार- भारत न्यूज़, संजीव राठौर – हरियाणा पॉलिटिक न्यूज़, कुलदीप सिंह- क्रांति भूमि, शिवानी – आईएमसी एमटी न्यूज़, ज्योति स्वर्णाक्षी – नेशन न्यूज़ लाइव, कृष्ण प्रजापति- ख़ास खबर, अजय कुंडू – बैग न्यूज़, प्रमोद डांडा- डीवी न्यूज़ लाइव  तथा विशाल – एमएच 1 न्यूज़ लाइव से शामिल हैं।

आईआईएसईआर मोहाली में केयू के आईआईएचएस के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
कुरुक्षेत्र, 29 मई।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ (आईआईएचएस) के बायोकैमिस्ट्री विभाग द्वारा विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आईआईएसईआर मोहाली में आयोजित किया गया। प्राचार्या प्रो. रीटा के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में प्रो. अश्वनी मित्तल, डॉ. रितु सैनी तथा ऑनर्स एंड रिसर्च प्रोग्राम के चौथे वर्ष के पाँच विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ड्रोसोफिला, सी. एलिगेंस और ज़ेब्राफिश जैसे उन्नत प्रायोगिक मॉडल्स एवं आधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। साथ ही, प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं और पीएचडी शोधार्थियों से संवाद कर वैज्ञानिक अनुसंधान, उच्च शिक्षा और नवाचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
आईआईएचएस के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में आईआईएसईआर मोहाली में पीएचडी कर रहे श्री दीपक के सहयोग से यह भ्रमण सफल रहा। विद्यार्थियों ने इसे प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए कहा कि इससे वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति उनकी रुचि और अधिक बढ़ी है।

केयू इतिहास विभाग में नए पीजी डिप्लोमा कोर्स में दाखिले शुरू
कुरुक्षेत्र, 29 मई। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग द्वारा एसएफएस स्कीम के तहत नए कोर्स “पीजी डिप्लोमा इन आर्काइव्स एंड रिकॉर्ड्स मैनेजमेंट” में दाखिले के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के पोर्टल एवं आईयूएमएस पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर ने बताया कि इस कोर्स के लिए इतिहास, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, पुरातत्व, म्यूजियोलॉजी तथा लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस में मास्टर डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के पास न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए होना आवश्यक है। इतिहास विषय में आधुनिक भारतीय इतिहास विशेषज्ञता वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह एक वर्षीय (दो सेमेस्टर) डिप्लोमा कोर्स होगा, जिसमें कुल 20 सीटें उपलब्ध हैं। यह कोर्स विद्यार्थियों को अभिलेख प्रबंधन, दस्तावेज संरक्षण एवं शोध कार्यों में बेहतर करियर अवसर प्रदान करेगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शुरू किए जा रहे इस कोर्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक आर्काइव्स एवं रिकॉर्ड मैनेजमेंट की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है। दाखिले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी 9466218018 और 9466034624 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *