कुरुक्षेत्र, 28 मई। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी के जनसंपर्क निदेशक सुनित मुखर्जी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं मीडिया टेक्नोलॉजी संस्थान के निदेशक प्रोफेसर महासिंह पूनिया से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संस्थान में उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनको मीडिया संस्थान में शुरू होने वाले पाडकास्ट का पोस्टर भी भेंट किया गया।
एमडीयू के जनसंपर्क निदेशक सुनित मुखर्जी ने संस्थान की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों को मीडिया जगत में उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
संस्थान निदेशक प्रोफेसर महासिंह पूनिया ने सुनित मुखर्जी को श्रीमद्भगवद्गीता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने संस्थान की विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए टीवी एवं रेडियो स्टूडियो, केयू न्यूज लेटर तथा मीडिया से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं से अवगत कराया।
प्रोफेसर महासिंह पूनिया ने कहा कि जनसंचार एवं मीडिया के क्षेत्र में विद्यार्थियों को व्यवहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान करने के लिए संस्थान कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयासरत है। संस्थान में आधुनिक संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
