कुरुक्षेत्र 27 मई। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने जिला पुलिस कार्यालय के सभागार में जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों, चौंकी इंचार्ज तथा थाना के मुंशी व मालखाना मोहर्ररों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी की। पुलिस अधीक्षक ने मीटिंग में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न आपराधिक मामलों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

             पुलिस अधीक्षक ने बैठक में चोरी, लूट, नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला अपराध तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा महिला संबंधित मामलों में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें तथा अपराध की रोकथाम के लिए नियमित रूप से गश्त और नाकाबंदी करें।  पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना के मुंशी व मालखाना मोहर्ररों को निर्देश देते हुए कहा कि थानों के मालखानों में रखे पुराने वाहनों, जब्त सामान तथा अन्य रिकॉर्ड के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित पड़े सामान और वाहनों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाना आवश्यक है, ताकि थाना परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित बना रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का व्यवहार आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। थाना आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका समय पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा अपराध मुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *