पानीपत। गांव वैसर के सतीश को घर बुलाकर मारपीट के बाद गला घोटकर हत्या करने के दो आरोपित मां-बेटे को थाना मतलौडा पुलिस ने मंगलवार देर शाम को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान वैसर निवासी महिला मंजीत और उसके बेटे विकास के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपितों ने मिलकर युवक की घर पर पीटकर व गला घोटकर हत्या करना स्वीकार किया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश के अनुसार पूछताछ में महिला आरोपित मंजीत ने बताया कि सतीश की उसके साथ बोलचाल थी। पति राजेश करीब 10-12 साल से लकवा ग्रस्त है, और रात में कम दिखाई देता है। 25 मई की रात वह और पति राजेश घर के ऊपर वाले कमरे में सो रहे थे। बेटा विकास किसी काम से मतलौडा गया हुआ था।
रात को सतीश उनके कमरे में आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा, वह नशे में था। विरोध करने पर वह जबरदस्ती करने लगा और दोनों में कहासुनी हो गई। तभी बेटा विकास घर आ गया और शोर सुनकर ऊपर के कमरे में आया। दोनों ने मिलकर सतीश की थप्पड़ व मुक्कों से पिटाई की। विकास ने सतीश को पकड़कर मुंह दीवार पर मारा।
सतीश को नीचे गिराकर वह उसके पैरों पर बैठ गई और विकास ने गले में पड़े परने से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बरामदे में डाल दिया था। पुलिस ने बुधवार को आरोपित मां-बेटे को न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपित महिला मंजीत को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपित विकास को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपित से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नामजद फरार अन्य आरोपितों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
थाना मतलौडा प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि थाना मतलौडा में वैसर गांव निवासी राजबाला पत्नी प्रेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा सतीश 25 मई को खेत में पानी देने के लिए गया था। जो देर रात तक वापस नहीं आया। रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि सतीश की हत्या कर गांव के ही राजेश के मकान की छत पर बने चौबारे के आगे बरामदे में डाला हुआ है।
वह परिवार के साथ वहा पहुंची तो बेटे सतीश का शव पड़ा था। गले में परना था और नाक से खून निकला हुआ था। बेटे सतीश को राजेश की पत्नी मंजीत, लड़के विकास, जेठ राजपाल, राजपाल की पत्नी व उसके बेटे विशाल ने घर बुलाकर मारपीट करके हत्या कर दी। ये सभी सतीश के साथ रंजिश रखते थे। पुलिस ने राजबाला की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच व आरोपितों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
