कुरुक्षेत्र, 25 मई। जिले के गांव बारना में दी बारना बहुउद्देशीय सहकारी समिति के चुनाव पर रोक लगाने का मामला अब गर्मा गया है। फैसले के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। चुनाव प्रक्रिया रोके जाने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों और पैक्स से जुड़े किसानों ने सोमवार सुबह इकट्ठा होकर बारना सोसायटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने अपनी संभावित हार को देखते हुए, सोसायटी में बड़े फ्रॉड़ को छुपाने के लिए व अवैध नियुक्तियां करने के लिए इस चुनाव पर रोक लगवाई  है। ताला जड़ने के बाद ग्रामीणों ने समाधान शिविर में उपायुक्त के नाम शिकायत सौंपी, इसके बाद बाद दी कुरुक्षेत्र कॉपरेटिव बैंक के जीएम गोपी चंद को एक शिकायत पत्र सौंपा, जिसमें मैनेजर बदलने की बात कही गई। इसके बाद ग्रामीण एसीएस सहकारी समितियां के पास पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सोसायटी में मौजूद कर्मचारी द्वारा सोसायटी के लेन देन में मोटा घोटाला किया है। इसी को छुपाने के लिए चुनाव प्रक्रिया को कैंसिल करवाया गया है। ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों को सोसायटी की बैलेंस सीट दिलवाई जाए व अधिकारियों द्वारा सोसायटी का आॅडिट ढंग से किया जाए। दी कुरुक्षेत्र कॉपरेटिव बैंक के जीएम गोपीचंद ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्द बारना सोसायटी में मैनेजर का जार्च किसी अन्य को दिया जाएगा।
ग्रामीण टेकचंद, हवा सिंह, रामचंद्र, महेंद्र सिंह, सर्वजीत सिंह, काली राम, कमल, प्रेम, सुरेंद्र शर्मा, फतेह सिंह, गुरमीत सिंह, बलकार व अन्य ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि जब तक सोसायटी में सही ढंग से काम काज शुरु नही किया जाता, तब तक सोसायटी पर ताला जड़कर रखेंगें। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और इसके लिए 24 मई की तारीख तय की गई थी। फार्म की छंटनी व निशान मिलने समेत सभी कार्य पूरे कर लिए गए थे, लेकिन ऐन वक्त पर, चुनाव से ठीक चार दिन पहले 20 मई को एक सोची-समझी साजिश के तहत चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई, जोकि लोकतंत्र का हनन किया गया है।
ग्रामीण रामचंद्र ने कहा कि चुनाव के बिल्कुल नजदीक आने पर इस तरह से रोक लगाना यह साबित करता है कि कुछ लोग बैकडोर से सोसायटी पर अपना कब्जा बनाए रखना चाहते हैं और वे आम किसानों के लोकतांत्रिक अधिकार का गला घोंट रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सोसायटी का एक कर्मचारी लंबे समय से सोसायटी की व्यवस्थाओं को अपने हिसाब से चला रहे हैं, उन्हें डर था कि इस बार चुनाव होने पर आम किसान अपनी पसंद की ईमानदार कमेटी चुन लेंगे। इसी डर के मारे उन्होंने झूठी शिकायतें तैयार करवाईं और विभागीय अधिकारियों को गुमराह करके ऐन वक्त पर रोक लगवा दिया। ग्रामीणों ने कहा, यह सीधे तौर पर आम किसानों के साथ धोखा है और ग्रामीण कुछ लोगों की इस तानाशाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *