करनाल, 25 मई।   हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करने के उपरांत पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि वैश्विक स्तर पर युद्ध की परिस्थितियों के कारण ईंधन की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है, जिससे दुनिया भर में तेल व गैस को लेकर चुनौतियां पैदा हुई हैं। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल प्रबंधन तंत्र के कारण भारत पर इसका असर अन्य देशों की तुलना में काफी कम पड़ा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप तेल की खपत को सीमित करें और आवश्यकतानुसार ही इसका उपयोग करें।

एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि धान की सीधी बिजाई करने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पानी और खाद की खपत में भी कमी आएगी। मंडियों में व्यवस्था पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस सीजन में किसानों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए मंडियों में जियो फेंसिंग का प्रयोग किया गया, जिससे मंडियों में आकर ही गेटपास कटने की प्रक्रिया सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार किसान हितैषी फैसले ले रही है। इस वर्ष पिछले सीजन की तुलना में 10 मीट्रिक टन गेहूं की पैदावार अधिक हुई है।

कृषि मंत्री ने बताया कि सूरजमुखी की खरीद 25 मई से ही शुरू कर दी गई है। मंडियों में किसानों को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी ही मानसून का आधार बनती है। बुजुर्गों के अनुभवों के अनुसार, अधिक गर्मी पड़ने से खेतों के हानिकारक कीड़े नष्ट हो जाते हैं, जिससे फसल बेहतर होती है और आगामी बारिश भी अच्छी होने की संभावना रहती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *