पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के निर्देशानुसार सोमवार को साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस लाइन में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खेलों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाना था। कार्यक्रम के दौरान फुटबॉल, वॉलीबॉल तथा क्रिकेट जैसे खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें पुलिस जवानों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। खेल मैदान में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सहयोग और टीम भावना भी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में उप पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। नियमित खेल गतिविधियां व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है, ऐसे में खेल गतिविधियां तनाव को कम करने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक जीवन में खेलों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही बेहतर पुलिसिंग संभव है। खेल गतिविधियों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना का विकास होता है, जो पुलिस सेवा में अत्यंत आवश्यक गुण हैं।

उप पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई तथा सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया। कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य, मनोबल और कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *