कुरुक्षेत्र, 23 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिलावासियों से अपील की कि भीषण गर्मी और हीट वेव के दौरान आमजन स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनजर विशेष सावधानी बरतें। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए नागरिक अपनी दिनचर्या में आवश्यक बदलाव करें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को गंभीरता से अपनाएं, ताकि लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि नागरिक अनावश्यक रूप से दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचें अति-आवश्यक हो तभी घरों से निकले। यदि किसी कारणवश बाहर जाना जरूरी हो तो सुबह और शाम ठंडे समय में ही बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि बाहर जाते समय छाता, टोपी, गमछा अथवा तौलिये का प्रयोग अवश्य करें ताकि शरीर को सीधी धूप से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें, जिससे शरीर को आराम और ठंडक मिल सके। इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, लस्सी, ओआरएस एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने नागरिकों से मौसमी फल एवं पानी से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे तरबूज, खीरा, संतरा आदि का अधिक सेवन करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि नागरिक समय-समय पर ठंडे पानी से स्नान करें तथा घरों में पर्दे, पंखे और उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था रखें ताकि कमरे का तापमान नियंत्रित रह सके। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, चक्कर, बेहोशी जैसी स्थिति महसूस हो तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर प्राथमिक उपचार दें और आवश्यकता पडऩे पर चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि हीट वेव के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही पक्षियों और बेसहारा पशुओं के लिए भी पानी और दाने की व्यवस्था करें, ताकि इस भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति लू से प्रभावित दिखाई दे तो तुरंत सहायता प्रदान करें तथा आपात स्थिति में निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी जागरूकता और सावधानी अपनाकर हीट वेव के दुष्प्रभावों से काफी हद तक बचाव संभव है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *