कुरुक्षेत्र, 22 मई : श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि भूखे को भोजन करवाना भारतीय संस्कृति और मानवता में सबसे बड़ा पुण्य और सौभाग्य माना जाता है। भूखे को अन्न दान करने से न केवल जरूरतमंद की तृप्ति होती है, बल्कि आत्मिक शांति भी मिलती है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी में भी संस्था सदस्यों द्वारा निरंतर भंडारा सेवा की जा रही है। श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत एवं साया के तत्वावधान में शुक्रवार को विपिन गोयल द्वारा विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में यात्रियों, राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, सेवा भावना एवं सामाजिक एकता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ विशेष गर्ग, नवकेतन गोयल, कुलवंत गर्ग, नवीन बंसल, विनोद गर्ग, ब्रज भूषण, सुमित मित्तल, सचिन अग्रवाल, सुरेश गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विपिन गोयल द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सहयोग एवं धार्मिक भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है और समाज को इसी प्रकार मिलजुल कर सेवा कार्यों में आगे बढ़ना चाहिए। भंडारे में आए लोगों के लिए भोजन एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। अंत में पंचायत पदाधिकारियों ने विपिन गोयल का धन्यवाद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *