कुरुक्षेत्र, 22 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गेहूं स्टॉक पर पानी की बौछारें छोड़ने का मामला प्रशासन के संज्ञान में आया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन की तरफ से एक जांच समिति का गठन किया गया है। यह जांच समिति मामले की तीन दिन के भीतर गहनता से जांच करके अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को प्रस्तुत करेगी।
उपायुक्त ने जारी आदेशों में कहा है कि प्रशासन द्वारा गठित की गई जांच कमेटी में उपमंडल अधिकारी नागरिक शाहाबाद को जांच समिति का अध्यक्ष और हैफेड जिला प्रबंधक कुरुक्षेत्र को सदस्य नियुक्त किया गया है। जांच समिति को जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कुरुक्षेत्र सभी प्रकार का रिकॉर्ड उपलब्ध करवाएंगे। इसमें मामले से संबंधित सभी अभिलेख, स्टॉक विवरण, खरीद एवं भंडारण रिकॉर्ड, निरीक्षण रिपोर्ट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल रहेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जोरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत कार्य किया जा रहा है। इस जिले में जो भी अधिकारी भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
