रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए चौकी सेक्टर-3 रेवाड़ी पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की जा चुकी हैं। डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण ने बुधवार को थाना मॉडल टाउन में पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि गत 14 मई को सेक्टर-3 चौकी प्रभारी पीएसआई राकेश कुमार की टीम इलाके में वाहन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम हेमन्त निवासी गांव पालडा बतलाया। जिसने थाना माडल टाऊन इलाके से कई मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी की करीब 12 वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अब तक थाना माडल टाऊन व थाना शहर क्षेत्र से चोरीशुदा 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी किसी खास ब्रांड या मॉडल को निशाना नहीं बनाता था, बल्कि उसे जो भी बाइक आसानी से मिल जाती थी, उसे ही चोरी कर लेता था। चोरी की गई कुछ मोटरसाइकिलें उसने आगे बेच दी थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
डीएसपी सुरेन्द्र श्योराण ने बताया कि आरोपी हेमंत वैसे तो शिक्षित है तथा आईटीआई पास है। लेकिन गलत आदतों और पैसों के लालच में आकर उसने वाहन चोरी का रास्ता चुना। वह इन चोरियों को अकेले ही अंजाम देता था। चोरी की गई बाइकों को जिन लोगों ने खरीदा था, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन खरीदारों में से गांव बलवाडी निवासी हरिओम व गांव खोल निवासी नितीश को भी गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस अब बाकी बची 3 मोटरसाइकिलों की रिकवरी के प्रयास कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed