झज्जर पुलिस ने हितेश उर्फ़ गुल्लू हत्याकांड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए कहा कि यह हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी तथा मामले का किसी भी गैंग या अन्य लाइन से कोई संबंध नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 15 मई की रात करीब 10:30 बजे गांव सुबाना निवासी हितेश उर्फ़ गुल्लू की उसके घर के बाहर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई। तकनीकी जांच,सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है,जिनकी पहचान अंकित उर्फ़ बनिया तथा अनुज के रूप में हुई है l गिरफ्तार आरोपियों को झज्जर अदालत में पेश किया गया,जहां से अदालत ने उन्हें पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियारों,अन्य फरार आरोपियों और घटना की साजिश के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। डॉ.राजश्री सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक और उसके साथियों के खिलाफ वर्ष 2022 में माछरोली थाना में मुकदमा नंबर 120 धारा 307,506 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज हुआ था। उक्त मामले में हितेश उर्फ़ गुल्लू,दीपक, रोहित,मोहित,विजय और रवि आरोपी थे। आरोप था कि उन्होंने प्रदीप,डिकेश और सोनू पर फायरिंग की थी तथा उनके साथी रविंद्र और संजीव को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक हितेश उर्फ़ गुल्लू जमानत पर बाहर आया हुआ था। पुरानी रंजिश के चलते ही आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि हितेश और डिकेश पहले अच्छे मित्र थे,लेकिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था,जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के दुश्मन बन गए।पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि झज्जर पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *