कुरुक्षेत्र। प्रसिद्ध दु:खभंजन मंदिर में मंगलवार को हवन यज्ञ किया गया जिसमें वीर बजरंगी के भक्तों ने सबकी सुख-शांति के लिए पूर्ण आहुति डाली। वीर बजरंगी को सिंदूर व फूलों से सजाया गया। बजरंगी सरदार कुलवंत सिंह भट्टी ने कहा कि हनुमान जी भाव के भूखे हैं। नियमित रूप से ‘राम नाम’ का जाप और हनुमान चालीसा का पाठ करने से मन से नकारात्मकता दूर होती है और साहस बढ़ता है। बजरंग बली (हनुमानजी) अपने भक्तों पर सदैव असीम कृपा बरसाते है। वे संकटमोचन हैं जो अपने भक्तों के सभी दुखों, भयों और बाधाओं को दूर कर उनके जीवन में शक्ति, साहस, और सुख-शांति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। जो भक्त सच्चे मन से हनुमान जी की पूजा अर्चना करता है, उसे मनोवांछित फल की प्राप्ति होती और राम भक्त हनुमान जी उन पर कृपा करते है। इस अवसर पर कुलवंत सिंह भट्टी, प्रदीप तिवारी, सुरेश अरोड़ा, एचके पाल, ज्ञान चंद पराशर, सुनील वधवा, टींकू शर्मा, श्याम लाल, चंद्रिका, सुदेश धीमान, डा. सत्य नारायण शर्मा, ललित लाली, हर्षित मिगलानी आदि श्रद्धालु प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
