अंबाला शहर। भाभी को उसके मायका में मनाने पहुंची महिला को बेरहमी से पीटा गया। भाई-बहन पर लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान ननद को बाथरूम में बंधक बनाकर कील लगे डंडे से पीटा गया और कपड़े फाड़ दिए।

लहूलुहान हाल में महिला अर्धनग्न हालत में वहां से भागी। महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता कुरुक्षेत्र के शाहाबाद मारकंडा की रहने वाली है। वह अपने (बुआ के बेटे) भाई अमरजीत सिंह व जीजा सुखचैन के साथ उसकी पत्नी अमनदीप कौर को मनाने के लिए उसके गांव पहुंची थी।

वहां से उन्होंने अपने साथ पूर्व एमसी सरदूल सिंह को समझौते के लिए ले लिया। सरदूल सिंह उन्हें अपने किसी जानकार के पास ले गया और उस घर में बिठाकर किसी निजी कार्य से चला गया। साथ ही कहा कि आपका समझौता करवा दिया जाएगा। पीड़ित के अनुसार, वहां उन्हें पता चला कि लड़की वाले दो दिन बाद बात करेंगे।

वापस जाने लगे तो घर के भीतर बुलाया

लिहाजा जब वह उस घर से निकलकर जाने लगे तो कुछ दूरी पर भाभी अमनदीप कौर के ताऊ पिल्ले का घर है जो पहले ही गेट पर खड़े थे। देखते हुए उन्होंने अंदर बुला लिया और चाय पानी पूछा। षड्यंत्र के तहत पहले गाली-गलौज शुरू कर दी।

यहीं पर अमनदीप कौर और उसके पिता व अन्य पहले से ही मौजूद थे। फिर महिला को निशाना बनाते बुरी नीयत से पकड़कर बाथरूम में बंद कर दिया उसके साथ गलत काम करने का प्रयास भी किया गया। पीड़िता का आरोप है कि कम्मा ने उसकी गर्दन पर काट लिया।

बाथरूम में बंद कर मारपीट की गई। उसका भाई और जीजा जैसे तैसे बाथरूम में घुसे तो आरोपितों ने उनपर भी हमला किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसे बाहर निकाला गया। बाद में घायल हालत में उसे जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

गहने और नकदी भी छीनी

छीनाझपटी के दौरान पीड़ित से सोने की चैन, एक कान की बाली, चश्मा और 4500 रुपये से भरा पर्स छीन लिया इस मामले में पुलिस ने आरोपित कर्म सिंह उर्फ कम्मा, दर्शन सिंह उर्फ तोता, मुख्यतार कौर, भाभी मनजीत कौर, सिमरन व अन्य सहित कुल दस लोगों पर केस दर्ज किया है।

इंस्पेक्टर सुनीता ढाका ने कहा किमहिला की शिकायत पर अमनदीप कौर के पिता और भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमनदीप कौर, उसके पिता, भाई, बहन सहित छह लोगों विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। महिला घबराई हुई है और काफी बुरी तरह से पीटा गया है। जल्द ही सभी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *