जिला पुलिस लाइन में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया जिसमे पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने परेड की सलामी ली। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। परेड के दौरान पुलिस जवानों को अनुशासन, जिम्मेदारी और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी इंचार्जों को संबोधित करते हुए थाना एवं पुलिस भवनों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण कार्यक्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ विभाग की सकारात्मक छवि भी प्रस्तुत करता है। पुलिस लाइन, थाना परिसर, चौकियों एवं कार्यालयों में नियमित सफाई रखने और परिसर को व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पीओ,घोषित अपराधी एवं बेल जम्परों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने एरिया में पीओ और बेल जम्परों की लगातार निगरानी रखें तथा उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनाए रखना है। इसके लिए सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *