चंडीगढ़। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने राज्य सरकार से मांग की है कि सरकारी कर्मचारियों को माता-पिता के निधन की स्थिति में विशेष प्रविधान के तहत शोक अवकाश प्रदान किया जाए।
एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष सतपाल सिंधु एवं राज्य महासचिव डॉ. तरसेम कौशिक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र प्रेषित कर अवगत कराया कि वर्तमान में ऐसी परिस्थितियों में कर्मचारियों के लिए कोई स्पष्ट विशेष अवकाश नीति उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता का निधन एक अत्यंत संवेदनशील एवं भावनात्मक परिस्थिति होती है, जिसके दौरान कर्मचारी को पारिवारिक दायित्वों, धार्मिक संस्कारों तथा आवश्यक प्रक्रियाओं के निर्वहन हेतु पर्याप्त समय की आवश्यकता होती है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस प्रकार की परिस्थितियों में सरकारी कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश के अंतर्गत 13 दिन का शोक अवकाश प्रदान करने का प्रविधान किया जाए।
हसला का मानना है कि इस प्रकार का मानवीय एवं संवेदनशील निर्णय कर्मचारियों को मानसिक संबल प्रदान करेगा तथा वे अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन गरिमा एवं संतुलन के साथ कर सकेंगे। साथ ही, यह कदम राज्य सरकार की कर्मचारी कल्याण एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।
