पंचकूला। कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में सरकारी तंत्र का जमकर दुरुपयोग किया गया और कई तरह के हथकंडे अपनाए गए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस चुनाव को किसी उपचुनाव की तरह लड़ते हुए अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। चंद्रमोहन ने कहा कि यह चुनाव केवल मेयर, पार्षद या विधायक का चुनाव नहीं रह गया था, बल्कि मुख्यमंत्री का अपना उपचुनाव बन गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए पूरा सरकारी तंत्र पंचकूला में झोंक दिया गया।
उन्होंने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन यानी ईवीएम पर भी सवाल उठाए। चंद्रमोहन ने कहा कि यदि आज चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से करवाए जाएं तो सच्चाई सामने आ जाएगी और लोगों को पता चल जाएगा कि वास्तव में कितने वोट पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के मन में ईवीएम को लेकर जो शंका है, उसे दूर किया जाना चाहिए।

कांग्रेस विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग को इस पूरे मामले का संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस शहर में 160 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप हों, सड़कों का बुरा हाल हो, पार्क बदहाल पड़े हों, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर हो, नशे का कारोबार चल रहा हो, कानून व्यवस्था कमजोर हो, आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हों और आवारा कुत्ते लोगों को काट रहे हों, वहां भाजपा को इतना जबरदस्त समर्थन मिलना असंभव लगता है।

चंद्रमोहन ने कहा कि वह स्पष्ट रूप से मानते हैं कि ईवीएम में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने कांग्रेस के पक्ष में मतदान नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है, लेकिन चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *