कुरुक्षेत्र, 14 मई। गीता मनीषी स्वामी ज्ञाननंद जी महाराज के कर कमलों द्वारा श्री कृष्ण कृपा गौशाला में 15 मई (गीता मनीषी के जन्म दिवस) को गाय गोपाल और हनुमान जी की मूर्ति का लोकार्पण किया जाएगा। इन मूर्तियों की विशेष पूजा गुरुवार को की गई। इस पूजन कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में गौशाला प्रधान सुनील वत्स व धर्मपत्नी सविता, मंगत राम जिंदल व उनकी धर्मपत्नी, हंसराज सिंगला व उनकी धर्मपत्नी, पवन भारद्वाज व उनकी धर्मपत्नी किरण, विजय बवेजा व उनकी धर्मपत्नी तथा रवि शर्मा व उनकी धर्मपत्नी ऋतु सहित उपस्थित रहे।
पूजन के दौरान संपूर्ण वातावरण वैदिक मंत्रोच्चारण एवं भक्तिमय भावनाओं से सराबोर रहा।इस अवसर पर सायंकाल को। आयोजित भव्य भजन संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता एवं समाजसेवी संजीव सीकरी अपनी धर्मपत्नी एकता सीकरी सहित उपस्थित रहे। उन्होंने आरती-पूजन में सहभागिता की तथा आज का भण्डारा सेवा भी उनकी ओर से रही। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं संस्कारों के संवर्धन का सशक्त माध्यम हैं। भजन संध्या में राजेंद्र चोपड़ा द्वारा प्रस्तुत भजन “साडियां तेरे नाल बहारां”, विकास द्वारा “बिहारी मेरे रंग रसिया”, जय भगवान जी द्वारा भजन प्रस्तुति तथा गौशाला प्रधान सुनील वत्स द्वारा प्रस्तुत “गौ माता की कृपा से सबका काम हो रहा है” भजन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया एवं भक्ति रस की अनुपम धारा प्रवाहित हुई। भजन संध्या में समिति की ओर से रमाकांत शर्मा, धर्मपाल शर्मा, धीरज वालिया, अशोक अरोड़ा, दीपक अहूजा, राजीव गाबा, सुरेन्द्र सगवाल, तरुण धमीजा, नवीन भारद्वाज सहित अनेक श्रद्धालु भक्तजन भी उपस्थित रहे। भजन संध्या उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भण्डारे प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के बारे में श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता के महासचिव अशोक अरोड़ा ने बताया कि आज नए बस अड्डे पर गीता मनीषी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में भंडारा व प्रसाद वितरण किया गया। इसी प्रकार 15 मई को पुराने बस अड्डे पर भंडारा व प्रसाद वितरित किया जाएगा। 15 मई को प्रातः 11:00 बजे सरकारी अस्पताल, कुरुक्षेत्र में उपचाराधीन एवं जरूरतमंद मरीजों को फल वितरण किया जाएगा। अरोड़ा ने बताया की गीता मनीषी का जन्म दिन श्री राधा रमण उत्सव के अंतर्गत सेवा और सद्भावना के रूप में मनाया जा रहा है।
फोटो परिचय
कुरुक्षेत्र । मूर्ति पूजा के यजमान को स्मृति चिह्न भेंट करते हुए श्री कृष्ण कृपा समिति के पदाधिकारी।
