पानीपत। जगदीश नगर के रहने वाले कुनाल की हत्या के मामले में स्वजन का आरोप है फाइनेंसरों ने पैसे के लेन-देन की रंजिश में हत्या की है। आरोप है कि कुनाल ने करीब छह महीने पहले आरोपित विक्की सैनी और विकास सैनी से करीब 30 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे।
उनके बदले आरोपित अब डेढ़ लाख रुपये मांग रहे थे। अब उसी रंजिश में आरोपितों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुनाल का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को स्वजन मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सुबह करीब 11 बजे से लेकर दोपहर बाद करीब चार बजे तक थाने में बैठे रहे।
करीब एक घंटे तक शव को भी साथ लेकर थाने में धरना दिया। डीएसपी सुरेश सैनी और डीएसपी नवीन सिंधु के आश्वासन के बाद स्वजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। डीएसपी नवीन सिंधु ने स्वजन को आश्वासन दिया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। 48 घंटे के अंदर सभी आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाई ने शिकायत में क्या बताया?
मृतक कुनाल के भाई विकास ने थाना किला पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मई को उसकी बहन संजना की सगाई थी। उसी दौरान विक्की सैनी और विकास सैनी ने उसके भाई कुनाल को पीके शटरिंग स्टोर के पास रोक लिया और पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट की।
उस समय उनकी मां मौके पर पहुंची और हाथ जोड़कर कुनाल को छुड़वाया था। 10 मई को उसकी बहन की शादी थी। शादी के अगले दिन 11 मई की रात आरोपित हथियारों के साथ उनके घर में घुस आए। प्रिंस के हाथ में कट्टा था, जबकि अन्य आरोपियों के पास चाकू, सुए, लोहे की राड, डंडे और बेल्ट थीं।
आरोपितों ने घर में मौजूद लोगों को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपित मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कुछ देर बाद आरोपित ध्रुव, प्रिंस और वासु कुनाल को घर से बुलाकर ले गए।
इसके बाद स्वजनों को सूचना मिली कि आरोपियों ने कुनाल पर हमला कर दिया है। गंभीर हालत में पुलिस उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
