चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी यूथ विंग के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारी की खाई को भरने की बजाय उसे अधिक गहरा करने में जुटी है।
राज्य सरकार द्वारा गिनी चुनी भर्तियां निकाली जाती हैं और उनमें भी प्रदेश के युवाओं को रोजगार से वंचित कर दिया जाता है। दिग्विजय ने कहा कि सरकारी भर्तियों में हरियाणवी युवाओं के साथ बार-बार धोखा किया जा रहा है।
85 पदों पर केवल तीन उम्मीदवार चयनित
जेजेपी नेता ने कहा कि मनोविज्ञान सहायक प्रोफेसर (कालेज कैडर) के 85 पदों की भर्ती में केवल तीन उम्मीदवारों का ही पास होना युवाओं के साथ छलावा है। जिन सरकारी भर्तियों में अभ्यर्थियों को अवसर मिलता है, उनमें हरियाणा के युवाओं को रोजगार से वंचित कर दिया जाता है।
हिंदी सहायक प्रोफेसर (कालेज कैडर) की भर्ती में सामान्य श्रेणी के कुल 67 पदों में से सात पद खाली छोड़ दिए गए और 41 पदों पर हरियाणा के युवाओं की बजाय बाहरी राज्य के युवाओं को रोजगार दिया गया। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भाजपा ने सरकारी भर्ती प्रणाली को मजाक बना कर रख दिया है।
151 उम्मीदवार किए गए शॉर्टलिस्ट
इससे पहले अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के 613 पदों के लिए 151 उम्मीदवारों को ही शॉर्टलिस्ट कर प्रदेश के युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा किया गया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा के रोजगार पर सबसे पहले प्रदेश के युवाओं का हक बनता है।
