कुरुक्षेत्र, 12 मई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) द्वारा आयोजित ‘आह्वान-2026’ कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कुरुक्षेत्र के जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महत्व तथा आधुनिक तकनीकी विकास के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, रोबोटिक्स, हरित ऊर्जा तथा डिजिटल परिवर्तन जैसी उभरती तकनीकों की वर्तमान समय में बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी कौशल विकास की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को समाज और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोड़ें तथा तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज को मजबूत बनाने में करें। उपायुक्त ने इंजीनियरिंग के बाद सिविल सेवा में आने के इच्छुक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए अपने अनुभव भी साझा किए। साथ ही उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सकारात्मक और प्रेरणादायक कंटेंट को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहना चाहिए। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त  विश्राम कुमार मीणा  ने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने यूआईईटी के इनक्यूबेशन सेंटर का निरीक्षण भी किया और कहा कि युवाओं को उद्यमिता से जोड़कर नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं।
संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि प्रौद्योगिकी देश के विकास की आधारशिला है तथा युवा पीढ़ी को तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी प्रस्तुतियां, विचार-विमर्श और छात्र परियोजना का प्रदर्शन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी समझ देखने को मिली। विभिन्न प्रतियोगिताओं में इलेक्ट्रिकल एवं कंप्यूटर इंजीनियरिंग के सेंसर एक्स में शिव प्रथम और निकेत द्वितीय रहे। सर्किट मेकर्स में मयंक प्रथम और आदित्य द्वितीय स्थान पर रहे। लोडिंग स्कैन में रिदम प्रथम तथा दीपन द्वितीय रहे। कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पिक्सल क्राफ्ट प्रतियोगिता में लव प्रथम और अशांक्ष द्वितीय रहे। एआई आर्ट गैलरी में मनीष प्रथम तथा वंशी द्वितीय रहे। ब्लाइंड कोडिंग में विवेक प्रथम और सुमन द्वितीय स्थान पर रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की आईओटी एनिग्मा प्रतियोगिता में प्रिय और सिमरन प्रथम रहे जबकि ओझल और राघव द्वितीय स्थान पर रहे। सोल्डरिंग प्रतियोगिता में लक्ष्य और शिवास प्रथम तथा वैगला टीम द्वितीय स्थान पर रही। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की कैड डिजाइनर प्रतियोगिता में अमित प्रथम और प्रदीप्ता द्वितीय रहे। सर्किट हंट में शिवास और उनकी टीम प्रथम जबकि गरिमा और उनकी टीम द्वितीय रही। बायोटेक क्विज प्रतियोगिता में बायो बूमब टीम प्रथम तथा ऐलफा टीम द्वितीय रही। पोस्टर प्रतियोगिता में तनिष्का प्रथम और मनस्वी द्वितीय स्थान पर रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *