करनाल, 10 मई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज गांव ढाकवाला गुजरान को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने गांव में 2 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र और गांव के डेरा राजपुतान में 18 लाख से बनने वाली चौपाल का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हलके में पिछले 10 सालों में विकास के अनेक कार्य कराए गए हैं। इसकी बड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है। इससे भावी पीढि़या लाभान्वित होंगी। विकास का यह सफर जारी रहेगा।
श्री कल्याण ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिन गांवों में जमीन उपलब्ध है वहां खेल के मैदान बनवाए जाएंगे। उन्होंने ऐसे करीब 15 गांव चिह्नित किए हैं। इससे आसपास के गांवों के युवाओं को भी फायदा होगा। वे रूचि अनुसार वहां खेलों का अभ्यास कर सकेंगे जिससे उनका स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा और नशे जैसी बुराइयों से भी बच सकेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस गांव में एक एकड़ में बनने वाले सामुदायिक केंद्र से आसपास के गांव को भी फायदा होगा। पंचायत की ओर से यहां सामुदायिक केंद्र के लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध कराई गई है इसलिए इसका आकार भी बड़ा होगा। उन्होंने पंचायत एवं विकास विभाग के अधिकारियों को सामुदायिक केंद्र के हॉल का आकार बढ़ाने के निर्देश दिए।
श्री कल्याण ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद राजनीति की परिभाषा बदली है। पहले राजनीति का अर्थ चौधर माना जाता था पर अब इसे सेवा माना जाता है। हलके की सेवा करना उनका धर्म है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बन रही मेडिकल यूनिवर्सिटी का उदघाटन इसी साल हो जाएगा। इससे जहां लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी वहीं राेजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने बताया कि घरौंडा में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए 4 करोड़ की लागत से एक एकड़ जमीन में ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके बनने के बाद एसएचजी से जुड़ी महिलाएं प्रशिक्षण पाकर बेहतर क्वालिटी के उत्पाद तैयार कर सकेंगी। जिससे उन्हें अच्छी कीमत मिलेगी और आय में इजाफा होगा। आय बढ़ने से परिवार भी मजबूत होंगे। कंबोपुरा में वालीबाल का इंडोर स्टेडियम मंजूर हो चुका है
उन्होंने बताया कि पिछले दस सालों में यमुना बेल्ट के गांवों की तस्वीर बदली है। इस बेल्ट में दूसरी आईटीआई भी जल्द बनेगी। हालांकि कक्षाएं पहले ही चालू की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कई गांवों में पंचायत के पास आमदन नहीं है। इन गांवों में उन्होंने विकास कार्योँ के लिए पहले ग्रांट भिजवाई। यह व्यवस्था परिवर्तन का नतीजा है कि आज मेरिट पर नौकरियां मिल रही हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं शुरू की हैं। ऑनलाईन सेवाओं से पात्र लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। राशि उनके बैंक खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि हलके के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए गंभीर है।
 श्री कल्याण ने इस मौके पर हलके में दस सालों में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी दी। कहा कि लोगों के सहयोग से भविष्य में भी हलके को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर ढाकवाला गुजरान के सरपंच गौतम रंगा, एडवोकेट चरण सिंह, मंडल अध्यक्ष सचिन राणा तथा आसपास के गांवों में पूर्व सरपंच भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *