पानीपत। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने पूजा विहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार की हत्या के आरोपित साहिल को वीरवार शाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने शिव कुमार की हत्या करना स्वीकारा है।
सब इंस्पेक्टर जगमिंद्र ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसकी कुछ दिन पहले शिव कुमार के साथ बैठकर शराब पीते समय किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। तब शिव कुमार ने उसके साथ मारपीट व गाली गलौज की थी। इसके बाद से ही वह शिव कुमार से रंजिश रखने लगा था।
5 मई को शिव कुमार घर के बाहर ई रिक्शा में बैठकर शराब पी रहा था और वह पास में बैठा हुआ था। नशा होने पर शिव कुमार उसको गाली गलौज करने लगा तो वह अपने घर चला गया। कुछ देर बाद वह घर से सब्बल (खुदपाल) लेकर शिव कुमार के घर गया और अंदर बैड पर बैठे शिव कुमार के सिर पर पीछे से सब्बल से ताबड़ तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित साहिल को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस आरोपित से गहनता से पूछताछ करने के साथ वारदात में प्रयुक्त सब्बल (खुदपाल) और वारदात के दौरान पहले कपड़े बरामद करने का प्रयास करेगी।
