पानीपत। शहर के काबड़ी रोड स्थित न्यू रामपुरा कालोनी में शुक्रवार को 29 वर्षीय सारंगी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। स्वजन के अनुसार सारंगी ने पति अंकित के मोबाइल में युवती के साथ फोटो देखे थे और पति के अवैध संबंधों से परेशान होकर फंदा लगा लिया।

पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। सारंगी पांच माह की गर्भवती थी और उसका एक साल का बेटा भी है। अर्जुन नगर से मायके पक्ष के लोग भी पानीपत पहुंच गए।
पुलिस शिकायत में सारंगी के पिता सुशील ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले सारंगी की शादी न्यू रामपुरा कालोनी के अंकित से हुई थी। शादी के शुरुआती एक साल तक सब सामान्य रहा। एक साल पहले सारंगी ने बेटे को जन्म दिया, इसके बाद पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।

पत्नी को बताया- मेरी गर्लफ्रेंड है

अंकित के किसी युवती के साथ अवैध संबंध थे। सारंगी ने पति के मोबाइल में युवती के साथ आपत्तिजनक फोटो देख ली थीं, जिसके बाद से घर में विवाद रहने लगा था। आरोप है कि जब सारंगी ने पति के कथित संबंधों का विरोध किया तो अंकित ने युवती को अपनी गर्लफ्रेंड बताते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

मायका पक्ष का आरोप है कि अंकित कई बार सारंगी को घर से निकाल चुका था। जब उसने अपने ससुराल वालों को पति की हरकतों के बारे में बताया तो उन्होंने भी अपने बेटे का पक्ष लिया। परिवार ने कई बार दोनों पक्षों में समझौता कराने और अंकित को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नहीं बदली।

मायके आने की कही थी बात

स्वजन के अनुसार सारंगी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। शनिवार को उसे मायके आना था और परिवार उसके आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की सूचना मिल गई। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने सारंगी के पिता के बयान पर आरोपित पति अंकित के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *