कुरुक्षेत्र, 8 मई। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि पिहोवा के प्राचीन संगमेश्वर महादेव मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का भव्य तरीके से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 11 मई को संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय में होने वाले कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिरकत करेंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र की 48 कोस के सभी तीर्थों स्थलों के प्रमुख संत महात्मा इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि आगामी 11 मई को भव्य तरीके से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाए। इसे लेकर जिला स्तर पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-1000 वर्ष की अखंड आस्था के अंतर्गत श्री सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 11 मई 2026 को श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय (पिहोवा) में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री सोमनाथ मंदिर प्रभास पाटन, वेरावल, गुजरात से कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। श्री संगमेश्वर महादेव मंदिर अरुणाय (पिहोवा) राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की अजेय सभ्यता का प्रतीक है। विनाशकारी प्रहारों के बाद भी सोमनाथ मंदिर आज हमारे आत्म-सम्मान और साहस की मिसाल बनकर खड़ा है। आधुनिक सोमनाथ मंदिर का मार्ग 75 वर्ष पहले प्रशस्त हुआ। पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 11 मई 2026 को 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सोमनाथ मंदिर पहुंचेंगे। इस दिन देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान कलश यात्रा, आध्यात्मिक आयोजन, भारत की विरासत परंपरा पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 11 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमनाथ मंदिर से लाइव संबोधन रहेगा। यह लाइव टेलीकास्ट प्रत्येक जिले में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में दिखाया जाएगा। जिला स्तर पर कलश यात्रा का आयोजन होगा, जिसका समापन शिव मंदिर में जलाभिषेक से होगा। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम का निमंत्रण दिया जाए। यह हमारे गौरवशाली इतिहास का हिस्सा बनने का अहम मौका है। इसमें अधिक से अधिक लोग अपनी जनभागीदारी दिखाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *