कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 100 दिन काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत स्वामी विवेकानंद विद्यालय, करनाल में कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर होता है।
कुलसचिव डॉ.कृष्णकांत गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज निर्माण का अभियान है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग विभागाध्यक्ष प्रो. शीतल सिंगला ने कहा कि कॉमन योग प्रोटोकॉल के माध्यम से लोगों को सरल एवं प्रभावी योग क्रियाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि योग तनाव कम करने के साथ शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक है। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर डॉ. शंभू दयाल ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार और योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
