*अंबाला में मुख्यमंत्री ने बुद्धिजीवी वर्ग से भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन*
*ट्रिपल इंजन की सरकार में तीन गुणा गति से होंगे विकास कार्य : नायब सैनी*

अंबाला, 5 मई।  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रबुद्धजनों की समाज को दिशा देने और सही मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि समाज के बुद्धिजीवी वर्ग के विचार और सुझाव न केवल सरकार के लिए मार्गदर्शक होते हैं, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी अहम योगदान देते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार देर सायं अंबाला शहर के सेक्टर-9 स्थित अग्रवाल भवन में बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी और सभी 20 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों भारी बहुमत से जिताने की अपील की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंबाला के बेहतर विकास के लिए सभी 20 वार्डों में कमल का फूल खिलाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निकाय चुनाव में मेयर सहित 21 कमल के फूल खिलाने के बाद शहर के विकास कार्यों को और गति मिलेगी और हर वर्ग की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, सामाजिक और कूटनीतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है, जिसके चलते देश-विदेश के निवेशक हरियाणा में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हरियाणा को देश का अग्रणी औद्योगिक केंद्र बनाना, अधिक से अधिक निवेश लाना और युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल है और “नंबर वन प्रदेश“ बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि डेढ़ वर्ष पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 63 संकल्पों को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार निरंतर जनता के हित में कार्य कर रही है और आने वाले समय में सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब 2029 के चुनाव होंगे तब तक कोई भी वादा अधूरा नहीं रहेगा।
नायब सैनी ने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। गरीब वर्ग को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चलाई जा रही हैं, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे उनका सामाजिक और आर्थिक स्तर मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजनों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजन अपने विचारों के माध्यम से मतदाताओं भाजपा के पक्ष में प्रेरित करें और विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें।
मुख्यमंत्री ने पुनः उपस्थित लोगों से मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी और सभी पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने का आह्वान किया और विश्वास जताया कि अंबाला की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में कमल के फूल का बटन दबाकर विकास की गति को तेज करने में सहयोग करेगी।
इस मौके पर पूर्व मंत्री असीम गोयल, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पुण्डरी के विधायक सतपाल जांगड़ा, यमुनानगर मेयर सुमन बहमनी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शनी, जिला प्रभारी धर्मबीर मिर्जापुर, जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, अनुभव अग्रवाल, मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी सहित प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *