जनभागीदारी बढ़ाने पर फोकस, नागरिक शहर को बनाएं स्वच्छ- रेनू बाला गुप्ता, महापौर।
नागकिर स्त्रोत पृथक्करण व वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की डालें आदत- डॉ. वैशाली शर्मा, निगमायुक्त।
करनाल 5 मई, 

नगर निगम करनाल द्वारा नई सोच नया शहर-स्वच्छ हरियाणा अभियान के अंतर्गत शहरभर में स्वच्छता गतिविधियों को तेज गति से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रतिदिन एक वार्ड को कवर करते हुए सफाई अभियान एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक  बसंत विहार, कुंजपुरा रोड स्थित सनातन धर्म मंदिर, गांव फूसगढ़, वेस्टर्न जमुना कैनाल पार्क तथा कर्ण ताल पार्क में विशेष सफाई अभियान चलाए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के दौरान न केवल साफ-सफाई सुनिश्चित की गई, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
महापौर रेनू बाला गुप्ता ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर ही स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए आमजन की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
जनभागीदारी बढ़ाने पर फोकस- उन्होंने बताया कि जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूह, पोस्टर एवं घोषणाओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त वार्ड कमेटियों, निवासी कल्याण संघों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों को अभियान के साथ जोड़ा जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत नागरिकों को कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण, कचरा कम करने तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन की आदतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने अपील की कि कूड़ा  इधर-उधर न फेंककर केवल कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डाला जाए तथा प्रत्येक दुकानदार गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में एकत्रित करे।
बाजारों व व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष अभियान- उन्होंने बताया कि बाजारों, मंडियों, वेंडिंग जोन और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि हमारे बाजार व सार्वजनिक क्षेत्र स्वच्छ बने रहें। जागरूकता गतिविधियों के तहत प्लास्टिक लाओ-कपड़े का थैला ले जाओ पहल के माध्यम से सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर जोर दिया जा रहा है। दुकानदारों एवं विक्रेताओं को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा नियमों के उल्लंघन पर 5000 रुपये के चालान करने बारे भी बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *