विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए तीर्थ यात्रियों की ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुजुर्गों को दिया सम्मान, तीर्थ स्थलों के निशुल्क करवाए जा रहे हैं दर्शन: हरविंदर कल्याण
श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी की लहर, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जताया आभार।
करनाल, 5 मई। हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत आज शाम करनाल से 201 तीर्थ यात्री तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र की यात्रा के लिए रवाना हो गए। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा विधायक हरविंदर कल्याण ने तीर्थ यात्रियों को ले जा जाने वाली विशेष ट्रेन भारत गौरव को यहां से झंडी दिखाकर रवाना किया। झंडी दिखाने के उपरांत हरविंदर कल्याण स्वयं भी रेलगाड़ी में सवार होकर तीर्थयात्रियों के साथ घरौंडा तक गए। इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद, जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेनू बाला गुप्ता, हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष आजाद सिंह तथा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार और डीआईपीआरओ सत्यवान महिवाल भी उपस्थित रहे।
इस मौके पर हरविंदर कल्याण ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना राज्य सरकार की बहुत ही सुंदर पहल है। इस पहल के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को सम्मान दिया है। योजना के तहत बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जब कोई बुजुर्ग तीर्थ यात्रा पर जाता है, तो वह केवल अपने लिए नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए मत्था टेकता है और दुआएं मांगता है। उन्होंने अपना व्यक्तिगत अनुभव सांझा करते हुए बताया कि वे पहली बार 40 साल पहले हजूर साहिब गए थे और वहां की सेवा भावना और आध्यात्मिक शांति अद्भुत है। उन्होंने कहा कि भारत कभी सोने की चिडिय़ा कहलाता था, लेकिन गुलामी के लंबे कालखंड में मुगलों और अंग्रेजों ने देश को लूटने के साथ-साथ हमारी संस्कृति पर भी गहरी चोट की। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद देश के विकास के साथ-साथ हमारी गौरवशाली संस्कृति और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का ऐतिहासिक काम किया है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन और लंबी आयु की कामना की। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए यह साबित किया कि कैसे एक निष्काम सेवा भाव रखने वाला व्यक्ति पारदर्शी सरकार चलाकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार तीर्थ दर्शन और महापुरुषों की जयंतियां मना कर समाज को संगठित कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं बल्कि सर्व समाज के होते हैं।
इस मौके पर विधायक जगमोहन आनंद ने जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के नारे से अपने संबोधन को शुरू करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुुर्गों को निशुल्क तीर्थ यात्रा पर भेजा जा रहा है जोकि एक अनूठी पहल है। भाजपा सरकार से पहले किसी भी विपक्ष की सरकार ने बुजुर्गों को इतना मान-सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विकास कार्यों के साथ-साथ देश व प्रदेश की संस्कृति को भी मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु पवित्र स्थान तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ में माथा टेककर अपने परिवार के साथ-साथ प्रदेश की जनता और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए भी सुख-समृद्धि और खुशहाली की दुआएं लेकर आएं। आप सभी की यात्रा मंगलमय रहे।
इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता ने यात्रा के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सराहना की। कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए सरकार की ओर से पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने यात्रा मंगलमय होने की कामना करते हुए कहा कि जिस भाव के साथ वे जा रहे हैं वह मनोकामना पूरी हो। ऐसी यात्राओं से संस्कृति व परम्पराएं जागृत होती हैं। आपसी भाईचारा, सद्भाव और प्रेम भी बढ़ता है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर ने कहा कि तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की यात्रा को आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से झंडी दिखाकर रवाना किया है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि करनाल जिला से भी करीब 200 श्रद्धालु इस यात्रा का लाभ उठा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद किया कि देवतुल्य बुजुर्ग माता-पिताओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण योजना है। वृद्धावस्था के समय सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर धार्मिक तीर्थ स्थलों के दर्शन करने का अवसर दिया जा रहा है।
