चंडीगढ़। हरियाणा महिला कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में रविवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा सहित सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, रणदीप सुरजेवाला और कर्मवीर बौद्ध साक्षी बने। कार्यक्रम में महिला आरक्षण की गूंज रही।

शपथ ग्रहण के बाद पर्ल चौधरी ने संगठन को मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। हालांकि भाषण के दौरान उनकी जुबान भी फिसली जब उन्होंने राहुल गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री और बलिदानी बता दिया, लेकिन तुरंत ही गलती सुधारते हुए कहा कि उनका आशय राजीव गांधी से था।
राव नरेंद्र सिंह ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि पार्टी को उनसे काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वे अपने नेतृत्व और कार्यशैली से महिला कांग्रेस को नई दिशा देंगी तथा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेंगी।

विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि महिला कांग्रेस पार्टी की एक मजबूत कड़ी है और पर्ल चौधरी के नेतृत्व में यह संगठन और अधिक सशक्त होकर जनता के बीच अपनी प्रभावी भूमिका निभाएगा। उम्मीद है कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी।
कार्यक्रम में तब खूब तालियां बजीं जब मंच संचालन कर रहीं हरियाणा कांग्रेस सेवा दल की पूनम चौहान ने कहा कि चुनाव में ऐसा न हो कि अमुक की बेटी या बहू चुनाव लड़ेगी।

विधायक गीता भुक्कल ने भी कहा कि आंदोलन में तो महिलाओं को आगे रखा जाता है, लेकिन चुनावों में उन्हें पीछे कर दिया जाता है। भविष्य में ऐसा नहीं होना चाहिए। इसी तरह कांग्रेस महासचिव और सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सलाह दी कि महिला आरक्षण पर सही स्थिति स्पष्ट करने के लिए कांग्रेस को बड़े पैमाने पर सम्मेलन करने चाहिए।

महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और पंचकूला में मेयर पद की कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने कहा कि हमारे पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। इन्हें पुरजोर तरीके से उठाया जाना चाहिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *