11 सालों में विकास के साथ-साथ समाज में बढ़ी है जागरूकता-कल्याण

करनाल, 2 मई। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आज घरौंडा में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पेयजल के लिए बिछाई गई नई पाईप लाइन और 6 नलकूपों का उदघाटन किया। इन पर 3 करोड़ 37 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने बताया कि शहर की अप्रूव्ड कालोनियों में 7.50 करोड़ के कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है। निकट भविष्य में काम शुरू हो जाएगा। श्री कल्याण ने कहा कि विगत 11 सालों में न केवल क्षेत्र में अपेक्षित विकास हुआ है बल्कि व्यवस्था बदलाव के नतीजतन समाज में जागरूकता भी बढ़ी है।
श्री कल्याण आज घरौंडा में 3.37 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पेयजल के लिए 8 किमी लंबी नई पाइप लाइन बिछाई गई है जबकि डिफेंस कालोनी, फिश मार्केट, विग कालोनी, पुराने गर्ल्स स्कूल के पास, जैल सिंह कॉलोनी और एसटीपी के पास नए ट्यूबवेल लगाए गए हैं। गर्मियों में शहरवासियों को अभी पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।
 सडक़ों के विस्तार से वक्त की बचत
उन्होंने कहा कि देश आज प्रगति पर है। रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार के कारण जहां किसी स्थान पर पहुंचने में पहले 8 घंटे लगते थे अब 5 घंटे का वक्त लग रहा है। व्यवस्थाओं में सुधार के चलते हरियाणा प्रगति के पथ पर अग्रसर है। आज पेंशन राशि बुजुर्गों/ विधवाओं के खातों में सीधे पहुंच रही है। युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। फसल का पैसा किसानों के खाते में पहुंच रहा है। विकास के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ी है। व्यवस्था में पारदर्शिता के कारण सरकार की ओर से पात्र लोगों को पूरी राशि प्राप्त हो रही है। एक समय वह था जब ऊपर से भेजे जाने वाले 100 रुपये में से केवल 15 ही नीचे तक पहुंचते थे। यह बात खुद तत्कालीन प्रधानमंत्री ने कही थी।

 सरकार की मंशा साफ
पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री की सराहना करते हुए कहा कि उन द्वारा नियमों में किए गए संशोधन की बदौलत शहर की अनेक अवैध कॉलोनियां वैध हुई हैं। इतना ही नहीं इनमें मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। केंद्र सरकार भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करते हुए सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों को मिले। यह अलग बात है कि कई  बार तकनीकी अड़चन के कारण इसमें थोड़ी देर हो जाती है। पर सरकार की मंशा में कोई खोट नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर के जन्मदिन (5 मई) की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजय शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता, मंडल प्रभारी रोहित भंडारी, महामंत्री सुरेंद्र सैनी, पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *