निगमायुक्त ने सभी बरसाती नालों की सफाई के लिए विस्तृत अनुमान तैयार करने के दिए निर्देश।
करनाल 1 मई,  
     नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निगम अभियंताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करना अत्यंत जरूरी है।
उन्होंने सभी कार्यकारी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जल निकासी की सफाई से संबंधित विस्तृत अनुमान और निविदाएं शीघ्र तैयार कर अंतिम रूप दें, ताकि मानसून शुरू होने से पहले ही सभी सफाई कार्य पूर्ण किए जा सकें।
नालियों की पहचान में नहीं हो कोई चूक- उन्होंने कहा कि पूर्व में यह देखा गया है कि कई बार अनुमान तैयार करते समय कुछ नाले छूट जाते हैं, जिससे संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी बाधित होती है और नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार ऐसी कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
क्षेत्रीय निरीक्षण अनिवार्य- उन्होंने सभी कार्यकारी अभियंताओं को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र का गहन भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि छोटी-बड़ी सभी नालियों की सही पहचान सुनिश्चित की जा सके और उन्हें सफाई कार्य के दायरे में शामिल किया जा सके।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई- निगमायुक्त ने चेतावनी दी कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक पाई जाती है, विशेषकर किसी नाले के छूटने की स्थिति सामने आती है, तो संबंधित कार्यकारी अभियंता के विरुद्ध नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अभियंताओं को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण कर शहरवासियों को मानसून के दौरान बेहतर और सुचारू जल निकासी व्यवस्था उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *